टोयोटा महाराष्ट्र में लगाएगी नया SUV प्लांट, 2029 से शुरू होगा उत्पादन
क्या है खबर?
जापान की बड़ी वाहन कंपनी टोयोटा अब भारत में अपना कारोबार और मजबूत करने जा रही है। कंपनी ने महाराष्ट्र में नया वाहन निर्माण प्लांट लगाने का ऐलान किया है। टोयोटा का कहना है कि भारत में SUV गाड़ियों की बढ़ती मांग और दूसरे देशों में निर्यात बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया गया है। कंपनी आने वाले वर्षों में उत्पादन क्षमता बढ़ाकर ग्राहकों तक तेजी से गाड़ियां पहुंचाना चाहती है।
जगह
कहां लगेगा प्लांट?
टोयोटा का नया प्लांट महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित बिडकिन इंडस्ट्रियल एरिया में लगाया जाएगा। कंपनी ने बताया कि यहां 2029 की पहली छमाही से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। इस फैक्ट्री में नई SUV गाड़ियों का निर्माण किया जाएगा। प्लांट में गाड़ियों की बॉडी तैयार करने, पेंटिंग और असेंबली जैसे सभी बड़े काम होंगे। यहां हर साल करीब 1 लाख गाड़ियां बनाई जा सकेंगी। प्लांट शुरू होने पर लगभग 2,800 लोगों को रोजगार मिलने की भी संभावना है।
निवेश
निवेश और उत्पादन क्षमता पर जोर
महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना में करीब 20,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। हालांकि, कंपनी ने अभी आधिकारिक निवेश राशि नहीं बताई है। टोयोटा फिलहाल कर्नाटक के बिदादी में दो बड़े प्लांट चला रही है, जहां इनोवा, फॉर्च्यूनर, कैमरी और दूसरी गाड़ियां बनती हैं। नए प्लांट से कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता और बढ़ जाएगी। इससे भारत में गाड़ियों की सप्लाई मजबूत होगी और निर्यात कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मांग
SUV की मांग बढ़ने से कंपनियां सक्रिय
देश में पिछले कुछ वर्षों में SUV गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी वजह से वाहन कंपनियां नए प्लांट और उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान दे रही हैं। टोयोटा का कहना है कि नई फैक्ट्री से भारतीय ग्राहकों के साथ दूसरे देशों की मांग भी पूरी की जा सकेगी। उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, भारत में टोयोटा का बाजार हिस्सा वित्त वर्ष 2025 में 7.18 प्रतिशत था, जो बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 7.9 प्रतिशत तक पहुंच गया है।