टोयोटा ने हाईलैंडर को इलेक्ट्रिक अवतार में किया पेश, 515 किलोमीटर की देती है रेंज
क्या है खबर?
टोयोटा अपनी हाईलैंडर को इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ पेश किया है। यह अमेरिका में निर्मित होने वाली कंपनी की पहली EV होगी। 2001 में पहली बार लॉन्च की गई हाईलैंडर का अब 5वीं जनरेशन मॉडल इलेक्ट्रिक अवतार में लाया गया है, जो एक बार चार्ज करने पर 515 किलोमीटर तक की रेंज देगी। यह इलेक्ट्रिक कार इस साल के अंत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी और यह 3-पंक्ति वाली SUV किआ EV9 और हुंडई आयोनिक-9 को टक्कर देगी।
एक्सटीरियर
ऐसा है कार का डिजाइन
टोयोटा ने हाईलैंडर को पूरी तरह से नया रूप दिया है और इसे उच्च क्षमता वाली बैटरियों के लिए संशोधित TNGA-K प्लेटफॉर्म पर बनाया है। SUV की चौड़ाई बढ़कर 1,989mm और व्हीलबेस 3051mm हो गया है, जिससे केबिन स्पेस में काफी सुधार हुआ है। स्पोर्टी लुक के लिए इसकी ऊंचाई थोड़ी कम होकर 1,710mm हो गई है। डिजाइन में हैमरहेड फ्रंट फेसिया, स्लिम DRL, फ्लश डोर हैंडल, मजबूत फेंडर फ्लेयर्स और एयरोडायनामिक डिटेलिंग शामिल हैं।
इंटीरियर
इन सुविधाओं से लैस है हाईलैंडर
हाईलैंडर के केबिन के अंदर 14-इंच की टचस्क्रीन, 12.3-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 64 रंगों में कस्टमाइजेबल एम्बिएंट लाइटिंग और पैनोरमिक ग्लास रूफ का विकल्प मिलता है। 3-पंक्ति लेआउट में 7 यात्रियों तक के बैठने की व्यवस्था है। तीसरी पंक्ति को पूरी तरह से फोल्ड करने पर कार्गो स्पेस 1,274-लीटर से अधिक हो जाता है। इसमें 5G कनेक्टिविटी, वायरलेस ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, नेविगेशन सिस्टम और गाड़ी से दूसरी उपकरणों को चार्ज करने के लिए व्हीकल-टू-लोड (V2L) कार्यक्षमता मिलेगी।
बैटरी
ऐसे हैं गाड़ी के बैटरी विकल्प
2027 हाईलैंडर के XLE और लिमिटेड वेरिएंट फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों में उपलब्ध होगी। इसमें 77kWh और 95.8kWh बैटरी पैक दिए गए हैं, जो 460-515 किलोमीटर तक की रेंज प्रदान करती हैं। इसे DC फास्ट चार्जर से लगभग 30 मिनट में 10-80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। इलेक्ट्रिक पावरट्रेन मिलने से हाईलैंडर अपने पेट्रोल से चलने वाले पूर्ववर्ती मॉडल की तुलना में अधिक दमदार हो गई है।