टोयोटा ग्लैंजा फेसलिफ्ट भारत में लॉन्च, जानिए क्या कुछ मिला है नया
क्या है खबर?
टोयोटा ने भारत में ग्लैंजा फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया है। इस प्रीमियम हैचबैक में नया फ्रंट डिजाइन, ज्यादा सुविधा वाले फीचर्स और लेवल-2 ADAS पेश किए गए हैं। इसकी लाइनअप में E, S, G, V और V(O) वेरिएंट्स शामिल हैं। टोयोटा ने पेट्रोल और E-CNG विकल्प के साथ-साथ AMT गियरबॉक्स भी पेश किया है। यह 7 रंगों- कैफे व्हाइट, एंटाइसिंग सिल्वर, गेमिंग ग्रे, इंस्टा ब्लू, स्पोर्टिन रेड के साथ नए ब्ल्यूइश ब्लैक और डिजिटल टील ग्रीन में उपलब्ध होगी।
एक्सटीरियर
लुक में हुआ यह बदलाव
स्टाइलिंग में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट में किया गया है, जहां टोयोटा ग्लैंजा में बड़े हनीकॉम्ब-पैटर्न वाली निचली ग्रिल दी गई है, जिसके चारों ओर सिल्वर फिनिश वाला बॉर्डर है।
हेडलैंप के बीच एक क्रोम स्ट्रिप दी गई है, जबकि फॉग-लैंप हाउसिंग के चारों ओर एंगुलर बंपर इंसर्ट्स लगाए गए हैं।
इसके अलावा, ग्लॉस-ब्लैक लोअर लिप और नए साइड स्कर्ट्स भी मिलते हैं। इस नए डिजाइन की वजह से इसका फ्रंट-एंड लुक ज्यादा आकर्षक और दमदार लगता है।
इंटीरियर
केबिन में दी गई हैं ये सुविधाएं
केबिन में हवादार फ्रंट सीट्स, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसी सुविधाएं शामिल हैं। लॉन्च प्रेजेंटेशन में सेंट्रल टचस्क्रीन पर हर टायर का अलग-अलग प्रेशर दिखता है।
अन्य खास सुविधाओं में हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा और टोयोटा i-कनेक्ट कनेक्टेड-कार टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
इसके अलावा, लेटेस्ट कार के डैशबोर्ड पर सेंट्रल AC वेंट्स के ऊपर एक फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन दी गई है और प्रेजेंटेशन में ड्यूल-टोन इंटीरियर थीम भी दी गई है।
पावरट्रेन
बलेनो का पावरट्रेन मिला
इसमें नया 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया है, जो नई मारुति सुजुकी बलेनो में भी मिलता है। यह पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में उपलब्ध है।
इसके V(O) वेरिएंट में लेवल-2 ADAS दिया है, जिसमें एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट और हाई बीम असिस्ट जैसे फीचर हैं।
इससे ग्लैंजा का ड्राइवर-असिस्टेंस पैकेज और बेहतर हो जाता है। इसकी कीमत 6.99 लाख से शुरू होकर 10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।