
पिछले महीने ब्रेजा रही सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUV, जानिए शीर्ष-10 मॉडल
क्या है खबर?
कार बिक्री में हर महीने कॉम्पैक्ट SUVs का दबदबा रहता है। इस सेगमेंट में पिछले महीने मारुति ब्रेजा सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल बनकर उभरा है।
इस गाड़ी को 15,566 खरीदार मिले हैं, जो पिछले साल इसी अवधि के दौरान बिकीं 14,166 की तुलना में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत अधिक है।
दूसरे स्थान पर भी मारुति सुजुकी की फ्रोंक्स का कब्जा रहा है, जिसने मई में पिछले साल की 12,681 के मुकाबले 13,584 बिक्री दर्ज की है।
टाटा मोटर्स
तीसरे और चौथे स्थानों पर टाटा कारों का कब्जा
बिक्री में 31 फीसदी की गिरावट के बाजवूज टाटा पंच तीसरे स्थान पर कब्जा जमाने में कामयाब रही। मई, 2024 में बिकीं 18,949 गाड़ियों के मुकाबले मई में बिक्री घटकर 13,133 रह गई।
टाटा की ही दूसरी काॅम्पैक्ट SUV नेक्सन 13,096 बिक्री के साथ चौथे स्थान पर रही, जबकि 12 महीने पहले इसी अवधि में 11,457 की बिक्री हुई थी।
दूसरी तरफ किआ सोनेट 8,054 बिक्री के साथ सूची में 5वें स्थान पर पहुंचने में सफल रही है।
गिरावट
इन गाड़ियों की बिक्री में आई गिरावट
पिछले महीने सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट SUVs की सूची में महिंद्रा XUV 3XO ने पिछले साल की 10,000 बिक्री की तुलना में 7,952 बिक्री दर्ज कर छठा स्थान हासिल किया।
हुंडई वेन्यू 19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,520 की बिक्री हासिल कर 7वें स्थान पर आ गई।
इसके अलावा हुंडई एक्सटर (5,899), स्कोडा काइलाक (4,949) और किआ साइरोस (3,611) इस सूची में क्रमश: 8वें, 9वें और 10वें पायदान पर रही हैं।