टाटा टिगोर फेसलिफ्ट नई पहचान के साथ देगी दस्तक, नए लुक की मिली झलक
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स ने 25 सितंबर को अपनी नई सेडान एरिस को लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी ने पुष्टि की है कि अपडेटेड टिगोर फेसलिफ्ट को इस नए नाम से लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च से पहले कार निर्माता ने टीजर जारी कर आने वाली कार की झलक दिखाई है। इसमें साफ नजर आता है कि गाड़ी का लुक मौजूदा टाटा टिगोर से बिल्कुल हटकर नए जमाने की कारों जैसा स्टाइलिश होगा, जो इसकी टैक्सी-कार इमेज को हटा देगा।
लुक
ऐसा होगा एरिस का लुक
वीडियो में सामने की तरफ खुली हुई जगह में एक एंगुलर LED हेडलैंप असेंबली दिख रही है, जिसमें ऊपर की तरफ एक पतली LED स्ट्रिप है।
इसके नीचे एक काला लोअर बंपर इनटेक है, जिसमें हॉरिजॉन्टल डिटेलिंग है और बाहरी किनारे की तरफ एक LED फॉग लैंप है। पूरी ग्रिल और बंपर का डिजाइन छिपा हुआ है।
पीछे की तरफ फ्यूल-फिलर फ्लैप, टेल लैंप का एक हिस्सा और बूट-साइड बॉडीवर्क दिखाया है। टीजर में इंटीरियर की झलक नहीं दिखाई है।
पावरट्रेन
क्या पावरट्रेन में मिलेगा बदलाव?
एरिस में नया डैशबोर्ड, 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले कनेक्टिविटी मिल सकती है।
इसके साथ ही, रियर AC वेंट्स, 360-डिग्री कैमरा, 6 एयरबैग भी मिल सकते हैं।
इसमें मौजूदा पेट्रोल इंजन के साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प और आगे इलेक्ट्रिक वर्जन भी आने की उम्मीद है।
इन बदलावों के साथ एरिस की शुरुआती कीमत मौजूदा टिगोर की 5.55 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक रहने की संभावना है।