टाटा टियागो EV फेसलिफ्ट के इंटीरियर का खुलासा, जानिए मौजूदा मॉडल से कितना अलग
क्या है खबर?
भारतीय कार निर्माता टाटा मोटर्स ने टियागो फेसलिफ्ट के इंटीरियर से पर्दा उठाने के बाद अब टियागो EV फेसलिफ्ट के इंटीरियर का भी खुलासा कर दिया है। इस अपडेटेड हैचबैक के दोनों वर्जन 28 मई को लॉन्च होंगे। कार निर्माता दोनों मॉडल्स के एक्सटीरियर के बारे में पहले ही जानकारी दे चुकी है। आइये जानते हैं 2026 टाटा टियागो EV फेसलिफ्ट के इंटीरियर में मौजूदा मॉडल की तुलना में क्या कुछ बदलाव मिलेंगे।
इंटीरियर
कैसा है अब गाड़ी का केबिन
टियागो के ICE और EV मॉडल के लिए एक ही इंटीरियर डिजाइन और लेआउट का इस्तेमाल किया गया है। इसमें हल्के ग्रे और काले रंग की ड्यूल-टोन इंटीरियर स्कीम मिलती है। सीट, आर्मरेस्ट और डैशबोर्ड के कुछ हिस्सों को कवर करने वाले फैब्रिक में हल्के रंग का इस्तेमाल किया है। डैशबोर्ड और सेंटर कंसोल के डिजाइन में बदलाव, ड्यूल-टोन स्टीयरिंग व्हील पर 'टाटा EV' ब्रांडिंग और पुश-स्टार्ट बटन को स्टीयरिंग कॉलम के दाईं ओर शिफ्ट कर दिया है।
फीचर
मिल सकती हैं ये अतिरिक्त सुविधाएं
2026 टियागो EV में टचस्क्रीन और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले के लिए फ्लोटिंग डिजाइन दिया गया है, जो दोनों डैश पर लगे हैं। इसमें अधिक ग्लॉस-ब्लैक ट्रिम का उपयोग किया गया है। इसमें फ्रंट सीटबैक पॉकेट और रियर AC वेंट, 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, 360-डिग्री कैमरे जैसी सुविधाएं नजर आई हैं। एक्सटीरियर में LED हेडलाइट्स, टेललाइट्स का कनेक्टेड डिजाइन और 'टाटा EV' बैजिंग, क्लोज्ड ग्रिल, बंपर के किनारों पर एयर कर्टन और बीच में स्थित लोअर इंटेक दिया है।
पावरट्रेन
कैसा होगा EV का पावरट्रेन?
टाटा मोटर्स ने अभी तक इलेक्ट्रिक कार के आधिकारिक पावरट्रेन विवरण का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, मौजूदा मॉडल में 19.2kWh और 24kWh बैटरी पैक उपलब्ध है। इनमें से छोटी बैटरी 61hp पावर और 110Nm टॉर्क जनरेट करने वाली इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आती थी, वहीं बड़ी बैटरी 75hp और 114Nm का आउटपुट देती है। छोटी बैटरी के साथ 223 किलोमीटर और बड़ी 293 किलोमीटर की रेंज देती है। मौजूदा मॉडल की कीमत 7.99-11.14 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।