Page Loader
टाटा ने गुवाहाटी में खोला नया स्क्रैपिंग सेंटर, जानिए कितनी है क्षमता 
टाटा ने गुवाहाटी में नया स्क्रैपिंग सेंटर खोला है (तस्वीर: एक्स/@Amarrrrz)

टाटा ने गुवाहाटी में खोला नया स्क्रैपिंग सेंटर, जानिए कितनी है क्षमता 

Feb 08, 2025
04:32 pm

क्या है खबर?

टाटा मोटर्स ने पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग के लिए अपनी सुविधाओं का लगातार विस्तार करने में जुटी हुई है। अब उसने गुवाहाटी में अपना 7वां प्लांट शुरू किया है। Re.Wi.Re नामक इस पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग प्लांट में हर साल 15,000 अवधि पार वाहनों को स्क्रैप किया जा सकता है। इस प्लांट को संचालित करने के लिए टाटा ने एक्सोम प्लैटिनम स्क्रैपर्स के साथ साझेदारी की है, जो सभी कंपनियों की कारों और कमर्शियल वाहनों को स्क्रैप करेगी।

क्षमता 

सातों स्क्रैपिंग प्लांट की इतनी है क्षमता 

दिग्गज कार निर्माता पूरे भारत में अपने वाहन स्क्रैपिंग प्लांट बना रही है। इससे पहले कंपनी जयपुर, भुवनेश्वर, सूरत, चंडीगढ़, दिल्ली NCR और पुणे में 6 स्क्रैपेज सेंटर खोल चुकी है। यह उत्तर-पूर्व भारत में कंपनी का पहला वाहन स्क्रैपिंग कारखाना है। टाटा का कहना है कि नवीनतम प्लांट के साथ वह अब सालाना 1 लाख से अधिक पुराने वाहनों को स्क्रैप कर सकती है। निर्बाध और कागज रहित संचालन के लिए यह प्लांट पूरी तरह से डिजिटलीकृत है।

सुविधा 

स्क्रैपिंग सेंटर में मिलती हैं ये सुविधाएं 

वाहन स्क्रैपिंग प्लांट्स में टायर, बैटरी, ईंधन, तेल, तरल पदार्थ और गैसों सहित विभिन्न घटकों को सुरक्षित रूप से अलग कर नष्ट करने के लिए समर्पित स्टेशन हैं। वाहन स्क्रैपेज पॉलिसी के तहत सभी घटकों के सुरक्षित निपटान के लिए प्रत्येक वाहन को विशेष रूप से डिजाइन की गई एक विस्तृत प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। बता दें, वाहन स्क्रैप कराने पर आपको कीमत और टैक्स में छूट के अलावा कई तरह के फायदे मिलते हैं।