बाढ़ के कारण टाटा मोटर्स ने गुजरात में रोका उत्पादन, इन कारों के आपूर्ति होगी प्रभावित
क्या है खबर?
गुजरात की भारी बारिश और बाढ़ ने टाटा मोटर्स के साणंद स्थित कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया है, जिसके चलते उसे गाड़ियों का उत्पादन रोकना पड़ा है। इससे टाटा सिएरा और नेक्सन जैसी गाड़ियों की आपूर्ति प्रभावित होगी। कंपनी के सप्लायर्स भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। कार निर्माता ने बताया कि हालात को ठीक करने का काम चल रहा है और उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में प्रोडक्शन का काम फिर से शुरू हो जाएगा।
नुकसान
कंपनी कर रही नुकसान का आकलन
गुजरात में टाटा के 2 प्लांट हैं और दोनों ही साणंद में स्थित हैं, जो अहमदाबाद से लगभग 25-30 किलोमीटर दूर है।
हाल ही में इस इलाके में भारी बारिश हुई, जिसमें कुछ जगहों पर 24 घंटों के भीतर लगभग 300 से 500mm से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
टाटा बाढ़ से हुए कुल नुकसान का आकलन कर रही है। उसके पास बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त इंश्योरेंस पॉलिसी है।
बहाल
कामकाज बहाल करने की तैयारी
कार निर्माता कम से कम समय में कामकाज फिर से शुरू करने की पूरी कोशिश कर रही है। कंपनी को भरोसा है कि अगले कुछ दिनों में कामकाज सामान्य हो जाएगा।
कंपनी के प्लांट में टियागो, टिगोर, नेक्सन और सिएरा जैसी कारें बनती हैं। 2010 में साणंद में बना प्लांट शुरुआत में टियागो और टिगोर बनाता था।
दूसरा प्लांट वह है, जिसे फोर्ड से खरीदा गया था। इसका इस्तेमाल ICE और EV मॉडल बनाने के लिए किया जा रहा है।