टाटा कारों की कीमतों में होगी वृद्धि, कंपनी ने बताई यह वजह
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स आने वाले दिनों में अपनी गाड़ियों की कीमत में इजाफा करने जा रही है। इसके लिए बढ़ती लागत को कारण बताया जा रहा है। कार निर्माता के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शैलेश चंद्र के अनुसार, बढ़ती कमोडिटी लागतों के दबाव के चलते कंपनी कीमतों में बढ़ोतरी करेगी। मारुति सुजुकी भी संभावित मूल्य वृद्धि के लिए स्थिति की समीक्षा कर रही है, वहीं हुंडई मोटर कंपनी ने जनवरी में ही वृद्धि कर दी है।
बयान
कंपनी प्रमुख ने क्या कहा?
शैलेश चंद्र ने कहा, "हम लगभग 1 साल से कमोडिटी की कीमतों में दबाव का सामना कर रहे हैं। अभी भी तांबे जैसी कीमती धातुओं की कीमतों में दबाव दिख रहा है। कुल मिलाकर कमोडिटी की कीमतों में वृद्धि का प्रभाव हमारे राजस्व के लगभग 2 प्रतिशत से अधिक रहा है।" इसके साथ ही प्रबंध निदेशक कीमतों में वृद्धि की पुष्टि की है, लेकिन संभावित मूल्य वृद्धि की मात्रा के बारे में जानकारी नहीं दी है।
तैयारी
मारुति सुजुकी भी कर रही तैयारी
पिछले सप्ताह दिग्गज कार निर्माता मारुति सुजुकी ने कहा था कि वह बढ़ती कमोडिटी लागतों के कारण मूल्य वृद्धि की समीक्षा करेगी। कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा था कि कीमती धातुओं की कीमतों में वृद्धि हो रही है।यह देख रही है कि वह इसके कारण होने वाली लागत वृद्धि को कितना वहन कर सकती है। इसी तरह, हुंडई मोटर कंपनी पिछले महीने मुख्य रूप से वेन्यू मॉडल की कीमतों में वृद्धि की है।