
टाटा और महिंद्रा अगले साल उतारेंगी नई इलेक्ट्रिक SUVs, टेस्ला को टक्कर देने की तैयारी
क्या है खबर?
दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला की जल्द भारत में कारोबार शुरू करने की संभावनाओं के बीच भारतीय कार निर्माता टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी मुकाबले की तैयारी शुरू कर दी है।
दोनों कंपनियाें ने लोकप्रिय स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (SUV) को नए इलेक्ट्रिक अवतार में लॉन्च करने की योजना बनाई है।
दरअसल, देश में SUV की बढ़ती मांग को देखते हुए टेस्ला भी यहां अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार मिड-साइज क्रॉसओवर SUV मॉडल Y उतारेगी।
टाटा मोटर्स
पंच EV से हाेगी शुरुआत
टाटा वर्तमान में बाजार हिस्सेदारी के हिसाब से सबसे बड़ी EV निर्माता है, जो अगले 12-18 महीनों में कई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करेगी।
इसकी शुरुआत टाटा पंच EV से होगी, जो सबसे सस्ती बैटरी-चलित SUV होगी। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, इसकी कीमत करीब 9.5 लाख रुपये होगी और इसे फरवरी, 2024 तक लॉन्च किया जा सकता है।
इसके अलावा, जून तक हैरियर EV (कीमत: 22 लाख रुपये) और कर्व कूपे EV (कीमत: 22 लाख रुपये) दिसंबर तक आएगी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा
अगले साल आएगी महिंद्रा XUV.e8
महिंद्रा एंड महिंद्रा भी बॉर्न इलेक्ट्रिक रेंज के साथ इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में बड़ा दांव लगा रही है।
कंपनी की भविष्य में 15-40 लाख रुपये की रेंज में अपनी सफल SUVs के इलेक्ट्रिक वर्जन लॉन्च करने की योजना है। वह दिसंबर, 2024 में XUV.e8 (कीमत: 35 लाख रुपये) का उत्पादन शुरू करेगी।
इसके बाद अप्रैल, 2025 में XUV.e9 (कीमत: 40 लाख रुपये) को उतारा जाएगा। अक्टूबर, 2025 में BE.05 और BE कॉन्सेप्ट मॉडल के प्रोडक्शन वर्जन भी आएंगे।