स्कोडा की पुरानी कुशाक पर मिल रही 3 लाख रुपये तक की छूट, जानिए मॉडलवार ऑफर
क्या है खबर?
स्कोडा ने हाल ही में अपनी कुशाक SUV का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। इसमें बाहरी डिजाइन में मामूली बदलाव और फीचर्स में बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ कार निर्माता स्कोडा कुशाक का पुराना मॉडल भी बेच रही है, जिस पर जबरदस्त छूट दी जा रही है। इसके अलावा, स्कोडा के अन्य मॉडल जैसे कोडियाक, स्लाविया और काइलाक पर भी आकर्षक ऑफर उपलब्ध हैं। आइये जानते हैं स्कोडा के मॉडल्स पर कितनी छूट दी जा रही है।
कुशाक
नई के साथ पुरानी कुशाक पर भी मिल रही छूट
स्कोडा कुशाक के 2025 मॉडल पर 3 लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। इसमें 2 लाख रुपये की नकद छूट, 50,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस और 50,000 रुपये का कॉर्पोरेट/लॉयल्टी बेनिफिट शामिल है। इसकी कीमत 10.61-18.43 लाख रुपये के बीच है। इसके अलावा, कुशाक के 2026 मॉडल पर 1.05 लाख रुपये तक का फायदा दिया जा रहा है। इसमें 30,000 रुपये की नकद छूट, 25,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस और 50,000 रुपये का कॉर्पोरेट/लॉयल्टी बेनिफिट शामिल है।
अन्य मॉडल
इन गाड़ियों पर भी कर सकते हैं बचत
कंपनी की सबसे महंगी कार कोडियाक (2025) पर 3.5 लाख रुपये तक बचत करने का मौका है, जबकि 2026 मॉडल पर 50,000 रुपये का लाभ दिया जा रहा है। इसकी कीमत 39.99-46.49 लाख रुपये के बीच है। स्लाविया (2025) पर 1.05 लाख रुपये के लाभ उपलब्ध हैं, जबकि 2026 मॉडल पर 75,000 रुपये का फायदा मिलेगा। इसकी कीमत 9.99-17.99 लाख रुपये के बीच है। इसी प्रकार काइलाक (2025) पर 75,000 रुपये और नए मॉडल पर 45,000 रुपये की छूट है।