LOADING...
मारुति सुजुकी से लेकर टोयोटा तक, जानिए 5-शीर्ष कंपनियों की जून में बिक्री
जून में ज्यादातर कंपनियों की कार बिक्री में इजाफा हुआ है

मारुति सुजुकी से लेकर टोयोटा तक, जानिए 5-शीर्ष कंपनियों की जून में बिक्री

Jul 01, 2026
06:49 pm

क्या है खबर?

कार निर्माताओं ने जून की मासिकी बिक्री रिपोर्ट जारी कर दी है। ज्यादातर कंपनियों ने बढ़त हासिल की है, जबकि कुछ ने इस महीने की सर्वाधिक बिक्री हासिल की है। हर महीने की तरह मारुति सुजुकी का कार बाजार में दबदबा रहा है, जबकि टाटा मोटर्स अपने नए मॉडल्स के दम पर अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही है। आइए जानते हैं पिछले महीने सबसे ज्यादा गाड़ियों की बिक्री करने वाली शीर्ष-5 कंपनियां कौनसी हैं।

#1

मारुति सुजुकी: मई से कमजोर रहा प्रदर्शन

मारुति सुज़ुकी की घरेलू पैसेंजर व्हीकल (PV) की बिक्री सालाना आधार पर 23.78 फीसदी बढ़कर 1.47 लाख हो गई। निर्यात, LCV और टोयोटा को की गई सप्लाई को मिलाकर कंपनी ने कुल 2 लाख से ज्यादा की बिक्री दर्ज की, जो जून, 2025 के मुकाबले 19.28 फीसदी ज्यादा है। मई की रिकॉर्ड 1.9 लाख बिक्री से यह मासिक आधार पर 22.67 फीसदी कम रही है। बिक्री में सबसे बड़ा योगदान SUV रेंज का रहा, जिसकी बिक्री 61,726 रही है।

#2

टाटा मोटर्स: इलेक्ट्रिक कारों को मिले जबरदस्त ग्राहक

टाटा मोटर्स की सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, उसने जून में 69.41 फीसदी बढ़त के साथ 63,083 की बिक्री दर्ज की है, जिसमें से 62,076 घरेलू बाजार में बेची गई है। यह पिछले साल जून के मुकाबले 67.40 फीसदी ज्यादा है, जबकि निर्यात 1,000 के आंकड़े को पार कर गया। कंपनी ने अब तक की सबसे ज्यादा मासिक EV बिक्री हासिल की है। इस दौरान 14,800 इलेक्ट्रिक कारें बेची गई, जो जून, 2025 में बिकीं 5,228 से 183 फीसदी ज्यादा है।

Advertisement

#3

महिंद्रा एंड महिंद्रा: घरेलू बिक्री 60,000 के पार 

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने पिछले महीने घरेलू बाजार में 60,393 स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) बेचे। यह पिछले साल जून में बेची गई 47,306 के मुकाबले 28 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी है। घरेलू पैसेंजर कारों की बिक्री जून में पहली बार 60,000 के आंकड़े को पार कर गई है, जबकि मई में 58,021 SUVs बिकी थीं। यह मासिक आधार पर 4.1 फीसदी की बढ़ोतरी है। कंपनी के निर्यात में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। सभी वाहनों का निर्यात 5,918 हो गया।

Advertisement

#4

हुंडई: घरेलू बिक्री में आई गिरावट 

हुंडई मोटर कंपनी ने जून में कुल 51,335 गाड़ियों की बिक्री की है, जिसमें 39,635 घरेलू बिक्री और 11,700 का निर्यात शामिल है। घरेलू बिक्री में सालाना 9.97 फीसदी की गिरावट आई। कार निर्माता की घरेलू बिक्री में मई में बेची गई 47,837 की तुलना में 17.15 फीसदी की गिरावट आई है। कंपनी ने इस गिरावट का मुख्य कारण अपने एक आपूर्तिकर्ता की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में आग लगने की वजह से उत्पादन में आई अस्थायी रुकावट को बताया।

#5

टोयोटा: बिक्री में जारी रही बढ़त 

टोयोटा ने जून में अपनी बढ़त जारी रखी और कुल 31,016 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की है। यह पिछले साल इसी महीने में बेची गई 28,869 के मुकाबले 7.44 फीसदी ज्यादा है। इस कुल बिक्री में 28,441 की घरेलू बिक्री और 2,575 का निर्यात शामिल है। भारतीय बाजार में पिछले साल जून में बिकीं 26,453 से सालाना 7.52 फीसदी अधिक है। मई की तुलना में मासिक आधार पर 6.98 फीसदी की गिरावट हुई, जब टोयोटा ने 30,574 गाड़ियां बेची थीं।

Advertisement