रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 का सिग्नेचर व्हाइट कलर विकल्प लॉन्च, जानिए कैसा है लुक
क्या है खबर?
दिग्गज दोपहिया वाहन निर्माता रॉयल एनफील्ड ने क्लासिक 350 के लिए एक नया सिग्नेचर व्हाइट कलर विकल्प लॉन्च किया है। यह नया शेड मोटरसाइकिल की प्राइस रेंज में सबसे ऊपर मौजूद एमराल्ड कलर के साथ शामिल हो गया है और फेस्टिव सीजन से पहले खरीदारों को एक और विकल्प देता है। सफेद रंग पहले पुराने जेनरेशन वाले क्लासिक मॉडल में उपलब्ध था। अब इसकी वापसी से यह रंग पहली बार J-सीरीज क्लासिक 350 में भी आ गया है।
लुक
अब ऐसा है बाइक का लुक
सिग्नेचर व्हाइट ट्रीटमेंट में सफेद फ्यूल टैंक और साइड पैनल के साथ काले रंग के कंट्रास्टिंग एलिमेंट्स का इस्तेमाल किया गया है।
टैंक और तिकोने साइड पैनल पर बारीक डार्क पिनस्ट्रिपिंग की गई है, जबकि गोल रॉयल एनफील्ड बैज और गढ़ा गया कर्सिव क्लासिक इसके रेट्रो लुक को और बढ़ाते हैं।
आगे-पीछे के मडगार्ड, हेडलैंप हाउसिंग और फ्रेम काले रंग में अलग लुक देते हैं। एग्जॉस्ट, इंजन कवर, शीशों पर क्रोम डिटेलिंग और भूरे रंग की राइडर सीट भी है।
कीमत
कितनी है नए रंग विकल्प की कीमत?
क्लासिक 350 में मौजूदा मॉडल के समान 349cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर-ऑयल-कूल्ड इंजन है, जो 6,100rpm पर 20.2bhp की पावर और 4,000rpm पर 27Nm का टॉर्क देता है।
ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ असिस्ट-एंड-स्लिपर क्लच भी दिया गया है।
सिग्नेचर व्हाइट की कीमत 2.23 लाख रुपये है, जो एमरल्ड के बराबर है। ये दोनों स्टील्थ ब्लैक और गन ग्रे से महंगे हैं, जिनकी कीमत 2.18 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। अब यह बाइक 10 रंग विकल्पों में उपलब्ध है।