Page Loader
राॅयल एनफील्ड और होंडा की फ्लेक्स-फ्यूल बाइक्स प्रदर्शित, जानिए क्या है इनमें खास 
राॅयल एनफील्ड और होंडा की फ्लेक्स-फ्यूल बाइक भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में शोकेस हुई हैं

राॅयल एनफील्ड और होंडा की फ्लेक्स-फ्यूल बाइक्स प्रदर्शित, जानिए क्या है इनमें खास 

Feb 01, 2024
04:28 pm

क्या है खबर?

नई दिल्ली में आज (1 फरवरी) से तीन दिवसीय भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो शुरू हुआ है। इसमें वाहन निर्माता कंपनियां अपने नए उत्पाद और कॉन्सेप्ट वाहनों का प्रदर्शन कर रही हैं। राॅयल एनफील्ड ने इसमें अपने लोकप्रिय बाइक क्लासिक 350 का फ्लेक्स-फ्यूल संचालित एडिशन प्रदर्शित किया है। यह दोपहिया वाहन 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रत पेट्रोल से चल सकता है। बाइक का डिजाइन मौजूदा मॉडल के समान हैं, लेकिन विशेष हरे और लाल रंग में उससे अलग नजर आती है।

क्लासिक 350

ऐसा है क्लासिक 350 फ्लेक्स-फ्यूल एडिशन का पावरट्रेन 

क्लासिक 350 फ्लेक्स-फ्यूल एडिशन में मानक मॉडल के समान 349cc, एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया है, जो 6,100rpm पर 20.2hp की पावर और 4,000rpm पर 27Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। यह इंजन रॉयल एनफील्ड के अन्य मॉडल्स- मीटियोर, हंटर और बुलेट में भी मिलता है। इसलिए, कंपनी इन बाइक्स के फ्लेक्स-फ्यूल एडिशन पेश कर सकती है। क्लासिक 350 के इस एडिशन की कीमत 2.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है।

होंडा 

मौजूदा माॅडल के समान है होंडा CB300F फ्लेक्स-फ्यूल एडिशन 

एक्सपो में जापानी कंपनी होंडा ने भारतीय बाजार के लिए अपना पहला फ्लेक्स-फ्यूल संचालित दोपहिया वाहन CB300F को प्रदर्शित किया है। मोटरसाइकिल में कोई कॉस्मेटिक बदलाव नहीं किया गया है और सभी फीचर मौजूदा मॉडल के समान है। इसमें 293.52cc, सिंगल-सिलेंडर इंजन (24.13bhp/25.6Nm) दिया है, जो 85 फीसदी इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को सपोर्ट करती है। ट्रांसमिशन के लिए स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलेगा। इसकी कीमत मौजूदा माॅडल की 1.7 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक रह सकती है।