Page Loader
रेनो भारतीय बाजार में उतार सकती है किगर का स्पोर्टी वर्जन, मिलेगा ये बदलाव
रेनो किगर का स्पोर्टी वर्जन लाने की तैयारी है (तस्वीर: रेनो)

रेनो भारतीय बाजार में उतार सकती है किगर का स्पोर्टी वर्जन, मिलेगा ये बदलाव

Apr 10, 2024
09:32 am

क्या है खबर?

कार निर्माता रेनो भी हुंडई के N-लाइन मॉडल्स के नक्शे कदम पर चलते हुए किगर का एक स्पोर्टी वेरिएंट लाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, रेनाे किगर के स्पोर्टी वेरिएंट में कोरियाई कंपनी की हुंडई वेन्यू N-लाइन की तुलना में मैकेनिकल बदलाव मिलने की संभावना नहीं है। इसके बजाय रेनो इसे मानक मॉडल में केवल कॉस्मेटिक बदलाव करके उतारेगी। हालांकि, इसके बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

बदलाव 

किगर के स्पोर्टी वर्जन में मिलेंगे ये बदलाव 

आगामी रेनो किगर स्पोर्टी वेरिएंट में कुछ बॉडी पैनल्स और ब्रेक कैलीपर्स पर गहरे रंगों के साथ आकर्षक लुक मिल सकता है। इसके अलावा, आगे-पीछे के बंपर में बदलाव हो सकते हैं और रेनो के नए लोगो का उपयोग किए जाने की भी संभावना है। बाहरी हिस्से के समान रेसियर थीम को छोड़कर इंटीरियर में भी कोई बदलाव मिलने की उम्मीद कम है। यह स्पोर्टी वेरिएंट टॉप-स्पेक RXZ पर आधारित होगा और फीचर उसी के समान रहने की संभावना है।

पावरट्रेन 

मौजूदा मॉडल के समान होगा पावरट्रेन 

रेनो किगर के स्पोर्टी वर्जन को केवल 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा, जो 100hp की अधिकतम पावर जनरेट करने में सक्षम है। इसमें ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और CVT गियरबॉक्स का विकल्प दिया जा सकता है। इसमें N-लाइन के समान स्पोर्टियर साउंड वाला एग्जॉस्ट, सस्पेंशन और स्टीयरिंग भी मिलने की संभावना है। किगर स्पोर्टी वेरिएंट की कीमत मौजूदा टॉप-स्पेक RXZ की 11.23 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से थोड़ी अधिक होने की उम्मीद है।