रेनो ने हासिल किया बड़ा मुकाम, भारत में बेचे 8 लाख से अधिक वाहन

रेनो इंडिया ने मंगलवार को घोषणा की है कि उसने लगभग एक दशक में देश में आठ लाख गाड़ियों की बिक्री कर ली है। इसका एक बड़ा श्रेय पिछले वर्षों में डस्टर के जबरदस्त मांग, क्विड और ट्राइबर जैसे मॉडलों की निरंतर लोकप्रियता को जाता है। वर्तमान में रेनो अपनी गाड़ियों की बुकिंग और बिक्री भारत में उपलब्ध 530 आउटलेट के माध्यम से करती है। आइए, जानते हैं इस बारे में क्या कुछ पता चला है।
इस बारे में बात करते हुए रेनो इंडिया ऑपरेशंस के प्रबंध निदेशक वेंकटराम मामिलपल्ले ने कहा, "हम भारत में 8 लाख गाड़ियों की बिक्री कर बेहद खुश हैं। यह एक बेहतरीन यात्रा रही है और मैं अपने सभी ग्राहकों, डीलरों, आपूर्तिकर्ताओं, कर्मचारियों, विनिर्माण और इंजीनियरिंग टीमों को ब्रांड में उनके अपार समर्थन और विश्वास के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।" कंपनी अपने आउटलेट में विस्तार करने की योजना बना रही है।
डस्टर देश में मौजूद कंपनी का एक लोकप्रिय मॉडल है। इसे पहली बार 2012 में लॉन्च किया गया था। खबर है कि कंपनी जल्द ही इसका फेसलिफ्ट वेरिएंट भी लाने वाली है। देश में रेनो को क्विड और ट्राइबर की जबरदस्त मांग से काफी मदद मिली। क्विड को पहली बार 2015 में लॉन्च किया गया था और अब तक इसकी चार लाख यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है। वहीं, ट्राइबर 2019 में लॉन्च हुई थी।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि रेनो इंडिया ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। कंपनी ने हाल में एक लाख यूनिट्स निर्यात का आंकड़ा हासिल कर लिया है। आपको बता दें कि वर्तमान में रेनो SAARC देशों, एशिया पेसिफिक, हिंद महासागर, दक्षिण अफ्रीका और पूर्वी अफ्रीका सहित कुल 14 देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करती है। बता दें, 2012 से कंपनी ने डस्टर के साथ भारत में बने वाहनों का निर्यात शुरू कर दिया था।
रेनो जल्द ही इलेक्ट्रिक कार बाजार में एक नई लॉन्चिंग करने वाली है। हाल ही में इसने मेगन E-टेक नाम के एक मॉडल को पेश किया। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी बुकिंग फरवरी 2022 में शुरू होगी। कार को बेहद आकर्षक डिजाइन के साथ एक स्पोर्टी लुक में बनाया गया है और इसमें एक अपमार्केट केबिन है। वहीं, यह दो बैटरी के विकल्प के साथ उपलब्ध होगी और प्रति चार्ज 470 किमी तक की रेंज देगी।