Page Loader
इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण में 4 सालों में हुआ 8 गुना तक इजाफा, जानिए आंकड़े 
देश में अब तक 28.30 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हो चुके हैं (तस्वीर: ओला इलेक्ट्रिक)

इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण में 4 सालों में हुआ 8 गुना तक इजाफा, जानिए आंकड़े 

Aug 13, 2023
12:55 pm

क्या है खबर?

देश में पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की संख्या 2018 से 2022 तक 8 गुना तक बढ़ गई है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, 2022 में 10.24 लाख EV पंजीकृत हुए, जो 2018 में 1.30 लाख थे। 2021 की तुलना में 2022 में पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों में करीब 3 गुना बढ़त दर्ज हुई। इस साल में भले ही 4 महीने बाकी हैं, लेकिन अब तक 2.5 गुना की वृद्धि के साथ यह संख्या 8.47 लाख तक पहुंच गई है।

तुलना 

10 सालाें में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में आया जबरदस्त उछाल 

न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 10 सालों में भारत में EVs में 53 गुना अधिक का जबरदस्त उछाल आया है। देश में 2013 के अंत तक केवल 53,387 इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत थे, जिनकी संख्या जुलाई, 2023 तक 28.30 लाख से ज्यादा पर पहुंच गई। इस दौरान ICE इंजन वाले वाहनों की संख्या 14.27 करोड़ से बढ़कर 34.55 करोड़ हो गई है। यानि में ऐसे वाहनों की संख्या में करीब 3 गुना तक इजाफा हुआ है।

उत्तर प्रदेश 

इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकरण में उत्तर प्रदेश सबसे आगे 

देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है, जहां इनकी संख्या 5.74 लाख से अधिक है। 3 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों की उपस्थिति के साथ महाराष्ट्र दूसरे और 2 लाख से ज्यादा EVs के पंजीकरण के साथ कर्नाटक और दिल्ली क्रमश: तीसरे और चौथे पायदान पर हैं। कुल वाहनों में EVs की हिस्सेदारी के औसत में असम और त्रिपुरा सबसे आगे हैं। यहां कुल वाहनों में से 2 फीसदी से अधिक EVs हैं।