Page Loader
रतन टाटा के दिल के करीब थीं 2 गाड़ियां, जानिए गैराज में थी कौन-कौनसी कार 
इंडिका रतन टाटा के दिल के करीब थी

रतन टाटा के दिल के करीब थीं 2 गाड़ियां, जानिए गैराज में थी कौन-कौनसी कार 

Oct 10, 2024
05:08 pm

क्या है खबर?

रतन टाटा के निधन के साथ ऑटोमोबाइल जगत के एक युग का अंत हो गया है। उनका कल (9 अक्टूबर) मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने पहली स्वदेशी कार पेश करने के साथ टाटा मोटर्स को बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की। कार बनाने के साथ रतन टाटा को कार चलाने का भी शौक रहा है और वे कई महंगी गाड़ियां रखते थे। आइये जानते हैं उनके गैराज में कौन-कौन से मॉडल शामिल थे।

नेक्सन 

कंपनी की यह SUV थी पंसदीदा कार 

रतन टाटा शुरुआत में होंडा सिविक से सफर किया करते थे। यह गाड़ी उन्हें काफी पसंद थी और अक्सर खुद ही इसे चलाते थे। इसके बाद उन्होंने रोजाना के आने-जाने के लिए अपनी ही कंपनी की पहली सब-4 मीटर SUV टाटा नेक्सन का इस्तेमाल किया। यह ग्लोबल NCAP में 5-स्टार रेटिंग हासिल करने वाली पहली भारत निर्मित कार थी। वे इसका 1.5-लीटर टर्बो डीजल इंजन मॉडल का उपयोग करते थे। बाद में इसकी जगह नेक्सन EV ने ले ली।

खास 

इन गाड़ियों से था दिल का रिश्ता 

महंगी गाड़ियों के अलावा उनके दिल के करीब टाटा नैनो भी गैराज का हिस्सा रही है, जो उनका ड्रीम प्रोजेक्ट रहा था। साथ ही इलेक्ट्रा EV कंपनी की ओर से बनाई एक कस्टम टाटा नैनो EV भी थी। इसके अलावा देश की पहली स्वदेशी कार टाटा इंडिका भी उनके दिल के करीब रही। उन्होंने 2023 में इंडिका की 25वीं सालगिरह पर एक पोस्ट शेयर कर यह बात लिखी थी। उनकी ही कंपनी की इंडिगो मरीना भी गैराज में शामिल थीं।

लग्जरी कार

गैराज में शामिल थीं ये लग्जरी कारें 

साधारण गाड़ियों का इस्तेमाल करने के अलावा रतन टाटा के संग्रह में कई लग्जरी और महंगी गाड़ियां शामिल है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रतन टाटा के पास मर्सिडीज-बेंज SL500, मर्सिडीज-बेंज W124, मर्सिडीज-बेंज S-क्लास, मासेराती क्वाट्रोपोर्टे, लैंड रोवर फ्रीलैंडर, कैडिलैक XLR जैसी गाड़ियां शामिल थीं। कई बार उन्हें मुंबई के आस-पास फेरारी कैलिफोर्निया जैसी कन्वर्टिबल कार के साथ भी देखा गया। उन्होंने क्रिसलर सेब्रिंग सेडान भी खरीदी, जिसके रंग से प्रभावित होकर इंडिका को इसी रंग में पेश किया।