Page Loader
रेंज रोवर भारत में लॉन्च करेगी और भी लिमिटेड एडिशन, बताया यह कारण 
रेंज रोवर भारत में कई लिमिटेड एडिशन लॉन्च करेगी (तस्वीर: एक्स/@AarizRizvi)

रेंज रोवर भारत में लॉन्च करेगी और भी लिमिटेड एडिशन, बताया यह कारण 

May 25, 2025
04:27 pm

क्या है खबर?

रेंज रोवर भारतीय बाजार में लिमिटेड एडिशन की और अधिक सीरीज पेश कर सकती है, जो विशेष रूप से देश के लिए तैयार की गई हैं। इससे बाजार में विभिन्न प्रकार के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। लग्जरी कार निर्माता को इस दशक के अंत तक धनवान व्यक्तियों की संख्या में तेजी से वृद्धि की उम्मीद है, जिससे प्रीमियम गाड़ियों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा। इस कारण वह अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर विचार कर रही है।

बयान 

कंपनी प्रमुख ने क्या कहा?

PTI के साथ बातचीत में रेंज रोवर के वैश्विक प्रबंध निदेशक मार्टिन लिम्पर्ट ने कहा कि एक निश्चित सीमा तक स्थानीयकरण के साथ कंपनी लग्जरी कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए उत्पाद पेश करने में सक्षम है। जगुआर लैंड रोवर (JLR) अपने 4 ब्रांडों- जगुआर, रेंज रोवर, डिस्कवरी और डिफेंडर के लिए अलग-अलग विकास रणनीति विकसित करने की योजना बना रही है। इनमें से प्रत्येक एक विशिष्ट ग्राहकों और खुदरा बिक्री परिदृश्य को पूरा करेगा।

प्रदर्शन 

रणथंभौर एडिशन का शानदार रहा प्रदर्शन

लिम्पर्ट ने कहा, "हमने पिछले साल पहली बार केवल भारतीय बाजार के लिए रणथंभौर एडिशन के साथ एक लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है।" उन्होंने कहा कि स्थानीय संदर्भ के लिए निर्मित 12 कारें एक सप्ताह के भीतर बिक गईं। ग्राहकों ने इस तथ्य की सराहना की है कि हम भारतीय बाजार के साथ एक संदर्भ बना रहे हैं।" बता दें, पिछले साल सितंबर में रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान से प्रेरित रेंज रोवर SV रणथंभौर एडिशन लॉन्च किया गया था।

हिमालयन एडिशन 

भारत में आएगा हिमालयन एडिशन 

रेंज रोवर रणथंभौर स्पेशल एडिशन को मिली शानदार प्रतिक्रिया को देखते हुए टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली कंपनी भारत के लिए रेंज रोवर हिमालयन एडिशन ला रही है। इसमें हल्के रंग के शेड शायद सफेद के साथ विशेष थीम वाले ट्रिम होने की संभावना है। रणथंभौर एडिशन में कोरिंथियन ब्रॉन्ज और एन्थ्रेसाइट एक्सेंट के साथ एक कस्टम ब्लैक फिनिश था, जिसे बाघ की धारियों से प्रेरित बताया गया था। आगामी एडिशन में हिमालय से प्रेरित बदलाव मिल सकते हैं।