Page Loader
अगले साल जनवरी में भारतीय बाजार में लॉन्च होगा ओला का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर

अगले साल जनवरी में भारतीय बाजार में लॉन्च होगा ओला का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर

Nov 24, 2020
09:30 pm

क्या है खबर?

कैब सर्विस देने वाली कंपनी ओला अब देश में अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर लाने की तैयारी कर रही है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार ओला भारतीय बाजार में जल्द ही अपना इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने वाली है। शुरुआत में ओला का यह इलेक्ट्रिक स्कूटर नीदरलैंड में बनाया जाएगा। उसके बाद इसकी बिक्री भारत और यूरोप में की जाएगी। यह अभी भारतीय बाजार में मौजद इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से अलग और आकर्षक होगा।

लॉन्च

अगले साल जनवरी में होगा लॉन्च

भारतीय बाजार में कंपनी अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को जनवरी, 2021 में लॉन्च कर सकती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ओला ने इस साल मई में एमस्टर्डम की इलेक्ट्रिक स्कूटर कंपनी इटर्गो BV का अधिग्रहण कर लिया था ताकि उसे भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर उतारने में मदद मिले। कंपनी का अधिग्रहण करते समय ओला ने कहा था कि अभी उसका लक्ष्य 2021 तक भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने का है।

कीमत

अन्य स्कूटर्स के मुकाबले कम होगी कीमत

जनवरी, 2021 में लॉन्च होने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर भारतीय बाजार में मौजूदा पेट्रोल स्कूटर्स से सस्ता हो सकता है। कंपनी भारत के टू-व्हीलर बाजार में अधिक फीसदी के हिस्सेदारी पर कब्जा करना चाहती है। खबरों के अनुसार ओला इलेक्ट्रिक साल 2021 में 10 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर्स बेचना चाहती है। कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने के लिए एक बड़ा प्लांट लगाने की तैयारी कर रही है। इससे स्कूटर्स की कीमत कम रखने में मदद मिलेगी।

इटर्गो BV

2014 में स्थापित हुई थी इटर्गो BV

बता दें कि नीदरलैंड की इलेक्ट्रिक स्कूटर कंपनी इटर्गो BV की स्थापना 2014 में की थी। इसके ऐपस्कूटर को काफी पसंद किया जाता है और इसे इसकी डिजाइन और इसमें इस्तेमाल हुई तकनीकी के लिए दुनिया भर में कई अवॉर्ड भी मिल चुके हैं। यह एक बार फुल चार्ज होने पर 240 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम है। साथ ही यह 3.9 सेकंड में 0 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है।

जानकारी

2010 में ओला ने इस सर्विस के साथ की थी शुरुआत

साल 2010 में स्थापित हुई कंपनी ओला ने कैब सर्विस देने से शुरुआत की थी। उसके बाद इसने खाने की होम डिलीवरी सर्विस की भी शुरुआत की थी। यह कंपनी भारत के कर्नाटक राज्य के बैंगलोर में स्थित है।