Page Loader
ओला इलेक्ट्रिक की एक साल में बिक्री 4 लाख के पार, ऐसा करने वाली पहली कंपनी
ओला इलेक्ट्रिक शुरुआत से इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बाजार में अग्रणीय रही है (तस्वीर: ओला इलेक्ट्रिक)

ओला इलेक्ट्रिक की एक साल में बिक्री 4 लाख के पार, ऐसा करने वाली पहली कंपनी

Dec 17, 2024
12:55 pm

क्या है खबर?

ओला इलेक्ट्रिक एक कैलेंडर वर्ष में 4 लाख की खुदरा बिक्री हासिल करने वाली भारत की पहली इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता बन गई है। वाहन पोर्टल के मुताबिक, 15 दिसंबर तक ओला ने इलेक्ट्रिक स्कूटर बिक्री में 4 लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। यह पिछले साल इस अवधि में बिके स्कूटर से 1.32 लाख अधिक है। इससे पहले कंपनी ने इसी साल 9 सितंबर को 3 लाख बिक्री का मील का पत्थर हासिल किया था।

दबदबा 

शुरुआत से ही ओला का रहा है दबदबा

ओला ने भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में दिसंबर, 2021 में कदम रखा था। पहले साल में ही बिक्री में धमाल मचा दिया। वाहन डेटा से पता चलता है कि कंपनी ने साल 2022 में 1.09 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बेचे थे। यह आंकड़ा दूसरे पायदान पर रही एथर एनर्जी (51,808) और तीसरे नंबर की TVS मोटर (47,812) की संयुक्त बिक्री से अधिक था। साल 2023 में सालाना 144 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बिक्री 2.67 लाख पर पहुंच गई।

कुल बिक्री 

शुरुआत से अब तक ओला ने इतने स्कूटर बेचे 

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ने शुरुआत से लेकर अब तक करीब 7.77 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे हैं, जो देश में किसी भी EV निर्माता कंपनी की बिक्री से बहुत आगे है। दिसंबर, 2021 से दिसंबर, 2024 के मध्य तक देश में बेचे गए 26.2 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों में ओला की बाजार हिस्सेदारी 30 प्रतिशत है। इस साल में बिके कुल 11.09 लाख वाहनों में ओला की बाजार हिस्सेदारी 36 प्रतिशत है।