मारुति सुजुकी से लेकर किआ मोटर्स तक, मासिक बिक्री में बनाया रिकॉर्ड
क्या है खबर?
कार निर्माताओं ने रविवार (1 नवंबर) को अपने अक्टूबर के मासिक सेल्स रिपोर्ट का खुलासा कर दिया है। इस अवधि में मारुति सुजुकी ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हुंडई मोटर कंपनी और किआ ने भी पिछले महीने बिक्री में रिकॉर्ड बनाया है। हालांकि, टोयाटा की घरेलू बिक्री में गिरावट दर्ज हुई है। आइए जानते हैं 5 दिग्गज कंपनियों के बिक्री आंकड़े कैसे रहे।
#1
मारुति सुजुकी
मारुति सुजुकी ने अक्टूबर में 2.76 लाख की अब तक की सबसे अधिक मासिक कुल बिक्री दर्ज की, जो सालाना आधार पर 25 फीसदी की वृद्धि है।
यह आंकड़ा मई में बिकीं 2.43 लाख की पिछली मासिक सर्वाधिक बिक्री से अधिक है। घरेलू बिक्री 2.12 लाख रही, जो पिछले साल की 1.76 लाख के मुकाबले 20.46 फीसदी अधिक है।
मिनी, कॉम्पैक्ट और मिडसाइज कारों की बिक्री एक लाख, यूटिलिटी वाहनों की 97,787 तक पहुंच गई, जबकि ईको की 13,720 रही।
#2
टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स ने अपनी अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बिक्री को मिलाकर कुल 75,426 गाड़ियां बेची गई।
यह पहली बार है, जब कंपनी ने एक महीने में 75,000 कारों और SUVs की बिक्री का आंकड़ा पार किया है, जो पिछले साल की 61,134 के मुकाबले 23.05 फीसदी ज्यादा है।
घरेलू बाजार में बिक्री 73,894 रही, जो अक्टूबर, 2025 में 61,134 थी, वहीं निर्यात 851 फीसदी बढ़कर 161 से 1,532 पर पहुंच गया।
#3
महिंद्रा एंड महिंद्रा
महिंद्रा ने अक्टूबर में वाहनों की अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की, जो निर्यात सहित 1.31 लाख रही। यह पिछले साल के मुकाबले 9 फीसदी की वृद्धि है।
घरेलू SUV की बिक्री 73,338 के साथ एक नया मासिक रिकॉर्ड बना गई, जो अक्टूबर, 2025 की 71,624 के मुकाबले 2.39 फीसदी अधिक है।
निर्यात को शामिल करने पर यूटिलिटी व्हीकल की कुल बिक्री 74,904 तक पहुंच गई। अप्रैल-अक्टूबर अवधि के दौरान घरेलू SUV की बिक्री 4.31 लाख रही।
#4
हुंडई मोटर कंपनी
हुंडई मोटर कंपनी ने पिछले महीने में अपनी अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की, जिसमें घरेलू बिक्री और निर्यात मिलाकर कुल 82,299 रही।
यह अक्टूबर, 2025 की 69,894 की बिक्री के मुकाबले 17.75 फीसदी की वृद्धि है, जो सालाना आधार पर 12,405 की बढ़ोतरी को दर्शाती है।
घरेलू बिक्री 62,799 रही, जो अक्टूबर, 2025 की 53,792 के मुकाबले 16.74 फीसदी अधिक है। अक्टूबर की कुल बिक्री में घरेलू बाजार का योगदान लगभग 76.31 फीसदी रहा।
#5
किआ मोटर्स
त्योहारी मांग और अपने विस्तृत पोर्टफोलियो से बढ़ते योगदान के चलते अक्टूबर में किआ मोटर्स ने 33,462 की अपनी अब तक की सबसे अधिक मासिक थोक बिक्री दर्ज की।
अक्टूबर, 2025 में हुई 29,556 की बिक्री के मुकाबले इसमें 13.22 फीसदी की सालाना वृद्धि हुई है। यह लगातार दूसरा ऐसा महीना रहा, जिसमें कंपनी ने बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया।
यह आंकड़ा सितंबर के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड (32,017) से मासिक आधार पर 4.51 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है।