निसान टेक्टॉन भारत में कल होगी लॉन्च, जानिए क्या मिलेंगे फीचर्स
क्या है खबर?
जापानी कार निर्माता निसान गुरुवार (9 जुलाई) को भारत में अपनी टेक्टॉन कॉम्पैक्ट SUV लॉन्च करने जा रही है। इसके आने के बाद कंपनी के पोर्टफोलियो में 4 मॉडल हो जाएंगे। 2023 में किक्स के बंद होने के बाद यह आने वाली SUV इस सेगमेंट में निसान की वापसी का संकेत है और भारतीय बाजार के लिए कंपनी की नई प्रोडक्ट स्ट्रैटेजी का एक अहम हिस्सा है। आइए जानते हैं आगामी निसान टेक्टॉन में क्या कुछ मिलने की उम्मीद है।
लुक
मस्कुलर लुक में आएगी टेक्टॉन
हाल ही में टेक्टॉन के फ्रंट लुक की झलक दिखाई गई है, जो बहुत शानदार लग रहा है। इसमें हॉरिजॉन्टल स्लैट्स वाली चौड़ी ग्रिल, ग्रिल के बीच में एक लाल हॉरिजॉन्टल स्लैट जिसके नीचे क्रोम स्ट्रिप है, बीच में निसान का बड़ा लोगो, हुड पर टेक्टन की ब्रांडिंग, L-शेप की LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs), आयताकार LED हेडलैम्प्स और मस्कुलर फ्रंट बंपर जैसी कई खूबियां शामिल हैं। इसके अलावा, हुड का लुक भी फ्रंट बंपर की तरह ही मस्कुलर है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस होगी नई गाड़ी
निसान टेक्टॉन के फीचर्स रेनो डस्टर जैसे ही होंगे। इनमें पैनोरमिक सनरूफ, 6-तरफा पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ड्यूल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 48-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और पावर्ड टेलगेट की सुविधा है। साथ ही 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, इंटीग्रेटेड गूगल असिस्टेंट वाला 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जिंग, 360-डिग्री कैमरा और 17-फीचर वाला ADAS सुइट शामिल हैं। इस लेटेस्ट कार में छत तक मापने पर बूट स्पेस 700-लीटर मिलता है।
पावरट्रेन
3 इंजन विकल्पों में आएगी टेक्टॉन
टेक्टॉन में हुड के नीचे 3 इंजन विकल्प मिलेंगे। इनमें एक 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर, टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन (99bhp/166Nm) के साथ 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन होगा। साथ ही दूसरा 1.3-लीटर, 4-सिलेंडर, टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन (160bhp/280Nm) और 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प होगा। इसके अलावा, तीसरा 1.8-लीटर, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड-पेट्रोल इंजन (160bhp/172Nm) का विकल्प मिलेगा। निसान टेक्टॉन की कीमत 10.49 लाख से 19.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच होने की उम्मीद है।