निसान की 6 लाख रुपये से कम कीमत में 7-सीटर कार, फीचर्स की है भरमार
क्या है खबर?
आप बड़े परिवार के आरामदायक सफर के लिए किफायती कार का विकल्प तलाश कर रहे हैं तो निसान की नई ग्रेविटे आपके लिए उपयुक्त साबित हो सकती है, जिसकी कीमत 6 लाख रुपये से कम है। कार निर्माता ने निसान मैग्नाइट के बाद भारतीय बाजार में अपनी दूसरी गाड़ी के तौर पर ग्रेविटे को लॉन्च कर दिया है। यह 4-मीटर से कम लंबाई वाली 3-पंक्ति वाली 7-सीटर MPV है। आइये जानते हैं नई निसान ग्रेविटे में क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं।
एक्सटीरियर
ऐसा है गाड़ी का लुक
MPV रेनो ट्राइबर के प्लेटफॉर्म पर आधारित है, लेकिन इसमें निसान की विशिष्ट स्टाइलिंग मिलती है। फ्रंट फेसिया में हनीकॉम्ब पैटर्न वाली बोल्ड ग्रिल, अधिक कोणीय बंपर और क्रोम स्ट्रिप से जुड़ी स्लिम LED DRLs, 15-इंच के स्टाइलिश स्टील व्हील दिए हैं। यह फॉरेस्ट ग्रीन, ओनिक्स ब्लैक, मेटैलिक ग्रे, ब्लेड सिल्वर और स्टॉर्म व्हाइट रंग विकल्पों में उपलब्ध होगी। अंदर तीसरी पंक्ति की सीटें हटाई जा सकती हैं, जबकि दूसरी पंक्ति की सीटों में स्लाइडिंग और रिक्लाइनिंग की सुविधा है।
फीचर्स
इन सुविधाओं से लैस है ग्रेविटे
फीचर्स की बात करें तो ग्रेविटे में वायरलेस ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। साथ ही केबिन में रियर वेंट के साथ मैनुअल AC, पुश बटन स्टार्ट के साथ कीलेस एंट्री, क्रूज कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर, JBL स्पीकर, ड्यूल डैश कैमरा, एम्बिएंट लाइटिंग, एयर प्यूरीफायर, रेन सेंसिंग वाइपर, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर जैसी सुविधाएं हैं। सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग, EBD के साथ ABS मिलता है।
कीमत
कितनी है इस MPV की कीमत?
ग्रेविटे में ट्राइबर का 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन लगा है, जो 72hp की पावर और 96Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसे 5-स्पीड मैनुअल या 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है। निसान का दावा है कि इसके मैनुअल वेरिएंट का माइलेज 19.3 किमी/लीटर है, जबकि AMT वेरिएंट का 19.6 किमी/लीटर है। गाड़ी की कीमत 5.65 लाख से शुरू होकर 8.93 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।