नई मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट लॉन्च, जानिए किए गए बदलाव और कीमत
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी ने अपनी नेक्सा डीलरशिप पर बेची जाने वाली बेलेनो का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया है। इसमें एनिग्मैटिक टील नाम का एक नया रंग भी पेश किया है। दूसरी जनरेशन की मारुति सुजुकी बलेनो में लॉन्च होने के बाद से पहली बार डिजाइन में बदलाव किया जा रहा है। इस प्रीमियम हैचबैक की बुकिंग शुरू हो गई है और जल्द ही इसकी डिलीवरी शुरू हो जाएगी। यह टाटा अल्ट्रोज और हुंडई i20 जैसी कारों को टक्कर देगी।
लुक
गाड़ी के लुक में किए हैं ये बदलाव
डिजाइन के मामले में बलेनो फेसलिफ्ट में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं।
इसमें बड़ी नई ग्रिल, नए बंपर, नई जगह पर सुजुकी लोगो, नेक्स्ट्रे LED हेडलाइट डिजाइन, नए LED फॉग लाइट्स, 16-इंच अलॉय व्हील्स और क्रोम हाइलाइट्स हैं।
इंटीरियर में प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, स्मार्टप्ले प्रो प्लस इंफोटेनमेंट स्क्रीन, कूलिंग के साथ Qi वायरलेस चार्जिंग पैड, सेमी-लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, वेंटिलेटेड सीट्स, सिल्वर हाइलाइट्स के साथ नई ब्लैक और ब्लू इंटीरियर थीम और स्टोरेज के साथ फ्रंट सेंटर आर्मरेस्ट दी हैं।
ADAS
सुरक्षा के लिए ADAS समेत कई फीचर
भारत में पहली बार किसी हैचबैक कार में ADAS टेक्नोलॉजी दी गई है और मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट ने इसे मुमकिन बनाया है।
कैमरे और मिलीमीटर वेव रडार के साथ बलेनो फेसलिफ्ट अब एक कम्पलीट ADAS सुइट देती है, जिसमें एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, एडवांस्ड इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, हाई-बीम असिस्ट समेत कुल 8 फीचर्स शामिल हैं।
इनमें स्टैंडर्ड 6 एयरबैग, ABS, EBD, TCS, ESC, रीइन्फोर्स्ड चेसिस, हिल होल्ड असिस्ट, TPMS और अन्य फीचर्स शामिल हैं।
इंजन
स्विफ्ट और डिजायर का नया इंजन मिला
इंजन की बात करें तो मारुति सुजुकी ने बलेनो फेसलिफ़्ट में नया 1.2-लीटर Z-सीरीज इंजन दिया है। इसे सबसे पहले स्विफ्ट और फिर डिजायर में देखा था।
यह 3-सिलेंडर इंजन है, जबकि पुराना 1.2-लीटर K-सीरीज इंजन ज्यादा स्मूथ 4-सिलेंडर वाला इंजन था।
गियरबॉक्स के विकल्प पहले जैसे 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड AMT हैं। मारुति बलेनो फेसलिफ्ट की शुरुआती कीमत 6.1 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है और ऊंचे ट्रिम्स की कीमतें अभी घोषित की जानी बाकी हैं।