नई किआ सोनेट में नए प्लेटफॉर्म और इंजन समेत मिलेंगे कई बदलाव, जानिए कब देगी दस्तक
क्या है खबर?
किआ मोटर्स भारत के लिए अगली जनरेशन की सोनेट कॉम्पैक्ट SUV पर काम कर रही है, जिसके 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद है। आंतरिक रूप से QY2E कोडनेम वाला यह नया मॉडल मौजूदा की तुलना में कई अपडेट लेकर आएगा, जिसमें एक नया प्लेटफॉर्म, बेहतर फीचर्स और बेहतर व्यावहारिकता शामिल है। 2020 में लॉन्च हुई किआ सोनेट हर महीने 9-10 की बिक्री के साथ अपने सेगमेंट में सबसे लोकप्रिय विकल्पों में से एक है।
प्लेटफॉर्म
नए प्लेटफाॅर्म से बदलेगा बहुत कुछ
आगामी नई सोनेट में सबसे बड़ा बदलाव मौजूदा प्लेटफॉर्म की जगह नए K1 प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होगा, जो साइरोस में देखा जा चुका है। इस अपग्रेड के साथ लेटेस्ट कार में ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट और रिमोट डायग्नोस्टिक्स जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। K1 प्लेटफॉर्म में बेहतर सामग्री का भी उपयोग किया गया है, जिससे अगली जनरेशन मॉडल उच्च सुरक्षा रेटिंग हासिल करने में सक्षम हो सकता है। नए प्लेटफॉर्म की बदौलत इसका व्हीलबेस भी बढ़ाया जा सकता है।
पावरट्रेन
कैसे होंगे पावरट्रेन विकल्प?
नई सोनेट में मौजूदा इंजन और ट्रांसमिशन विकल्पों को जारी रखा जाएगा। इसके साथ ही एक मजबूत हाइब्रिड इंजन भी विकसित किया जा रहा है, जो हो सकता है बाद में लॉन्च किया जाए। इसके साथ ही बड़ा इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट स्क्रीन होगी, जिन्हें 12.3-इंच के यूनिट में अपग्रेड किया जा सकता है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए लेवल-2 ADAS की सुविधा भी दी जा सकती है। यह टाटा नेक्सन, मारुति ब्रेजा, महिंद्रा XUV 3XO, हुंडई वेन्यू से मुकाबला करेगी।