Page Loader
अप्रैल में रॉयल एनफील्ड की सेल्स में हुई 17 प्रतिशत की वृद्धि, निर्यात भी बढ़ा
रॉयल एनफील्ड की अप्रैल सेल्स में हुई 17 प्रतिशत की वृद्धि

अप्रैल में रॉयल एनफील्ड की सेल्स में हुई 17 प्रतिशत की वृद्धि, निर्यात भी बढ़ा

May 05, 2022
09:30 pm

क्या है खबर?

रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) की भारतीय दोपहिया वाहन बाजार में मजबूत पकड़ है। अप्रैल, 2022 में रॉयल एनफील्ड ने कुल 62,155 बाइक्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। कंपनी पिछले साल इसी महीने में केवल 53,298 यूनिट्स ही बेच पाई थी। कंपनी ने अप्रैल में कुल 8,303 यूनिट्स का निर्यात भी किया है, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 4,509 यूनिट्स ही था।

तुलना

कैसी रही थी मार्च में सेल

रॉयल एनफील्ड ने मार्च, 2022 के महीने में 58,477 यूनिट्स की बिक्री थी, जो कि 2021 में इसी अवधि के दौरान 60,173 यूनिट्स रही थी। यह 2.8 प्रतिशत की गिरावट थी। मार्च में क्लासिक 350 रॉयल एनफील्ड ब्रांड के पोर्टफोलियो की सबसे अधिक बिकने वाली मोटरसाइकिल रही थी। कंपनी की सब 350cc की बाइकें जैसे मीटियोर, इलेक्ट्रा और बुलेट इन सभी की मांग मार्च महीने 4.82 प्रतिशत घटकर 55,653 यूनिट्स रही थी, जो मार्च 2021 में 58,471 यूनिट्स थी।

जानकारी

ये हैं ज्यादा बिक्री वाले मॉडल्स

रॉयल एनफील्ड को क्लासिक, मीटियोर, इलेक्ट्रा और बुलेट जैसी 350cc वाली बाइक्स से अप्रैल, 2022 में 51,564 यूनिट्स की बिक्री और निर्यात हुआ है। फरवरी, 2022 में बेची गई 52,135 यूनिट्स से मार्च 2022 में बिक्री 12.16 प्रतिशत बढ़कर 58,477 इकाई हो गई थी।

नई बाइक्स

नई जनरेशन बुलेट 350 और हंटर 350 जल्द होंगी लॉन्च

रॉयल एनफील्ड अभी अपनी नई जनरेशन बुलेट 350 और हंटर 350 के मॉडल पर काम कर रही है। इन दोनों मोटरसाइकिलों के टेस्ट प्रोटोटाइप को कई बार प्रोडक्शन-रेडी फॉर्म में देखा गया है। इसलिए यह माना जा सकता है कि ये जल्द ही लॉन्च होने वाली हैं। हंटर 350 की बात करें तो यह नियो-रेट्रो थीम के साथ अधिक फैशनेबल मोटरसाइकिल होगी। इसका मुकाबला होंडा H'ness CB350 और CB350RS से होगा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

अप्रैल में कंपनी का निर्यात बढ़कर 8,303 यूनिट्स हो गया जो पिछले अप्रैल 4,509 यूनिट्स था। कंपनी ने भारत के बाहर बिक्री में 84 प्रतिशत की वृद्धि कर विदेशों में उल्लेखनीय प्रदर्शन जारी रखा है। मार्च महीने में रॉयल एनफील्ड का निर्यात 56 प्रतिशत बढ़कर 9,200 यूनिट्स हो गया था, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह 5,885 यूनिट्स था। रॉयल एनफील्ड का कहना है कि उसके पास स्टोर्स में मजबूत उत्पाद क्षमता और दृढ़ रणनीतिक योजनाएं हैं।