
मारुति सुजुकी भारत निर्मित कारों के निर्यात में फिर अव्वल, 25 लाख पहुंचा आंकड़ा
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी भारत निर्मित कारों के निर्यात में दूसरे साल भी अव्वल रही है। कंपनी की कारों के वैश्विक निर्यात का आंकडा 25 लाख पर पहुंच गया है।
कंपनी वित्त वर्ष 2022-23 में विदेशों में भारत निर्मित कारों के शीर्ष निर्यातक के रूप में उभरी थी और दूसरे साल भी अपनी जगह पर कायम है।
मारुति ने अप्रैल, 2022 से फरवरी, 2023 के बीच 2.26 लाख यूनिट्स निर्यात की है, जो प्रतिद्वंद्वी हुंडई मोटर से 83,991 यूनिट्स से आगे है।
बयान
कंपनी ने जनवरी से शुरू किया ग्रैंड विटारा का निर्यात
कंपनी ने 1986-87 में भारत निर्मित वाहनों का निर्यात शुरू किया था। वर्तमान में मारुति अपने 17 मॉडलों का करीब 100 देशों में निर्यात करती है।
मारुति ने इस साल जनवरी से ग्रैंड विटारा का निर्यात भी शुरू कर दिया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक और CEO हिसाशी टेकूची ने कहा, "यह कारनामा मारुति सुजुकी की भारत सरकार की प्रमुख मेक इन इंडिया पहल के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और वाहन निर्यात बढ़ाने के सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाता है।"