मारुति सुजुकी 2031 तक लॉन्च करेगी 4 इलेक्ट्रिक कार, वरिष्ठ अधिकारी ने किया खुलासा
क्या है खबर?
दिग्गज कार निर्माता मारुति सुजुकी 2031 तक 4 इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की योजना बना रही है। यह घोषणा कंपनी के मार्केटिंग और सेल्स के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी पार्थो बनर्जी ने की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कंपनी अपनी रणनीति के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारी ने वस्तुओं की बढ़ती लागत के कारण गाड़ियों की कीमत बढ़ाने के संकेत दिए हैं। हालांकि, उन्होंने बढ़ोतरी की राशि का खुलासा नहीं किया।
E-विटारा
एक दिन में की 108 E-विटारा की डिलीवरी
मारुति सुजुकी की अभी एक इलेक्ट्रिक कार E-विटारा है, जिसे हाल में लॉन्च किया गया था। कंपनी ने हैदराबाद में आयोजित एक समारोह में एक ही दिन में 108 E-विटारा ग्राहकों को सौंपी है। इस EV का निर्माण विशेष रूप से कंपनी के गुजरात स्थित हंसलपुर प्लांट में किया जाता है। यह वित्त वर्ष 2026 में भारत की सबसे अधिक निर्यातित EV बन चुकी है, जिसकी 25,000 से अधिक यूनिट 44 देशों को भेजी जा चुकी हैं।
चार्जिंग पॉइंट
चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने को लेकर क्या है योजना?
देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को अधिक सुलभ और विश्वसनीय बनाने के लिए मारुति सुजुकी की योजना 2030 तक एक लाख से अधिक सार्वजनिक चार्जिंग पॉइंट का नेटवर्क स्थापित करने की है। कंपनी ने देशभर में पहले ही 2,000 से अधिक विशेष चार्जिंग पॉइंट स्थापित कर लिए हैं। इसके अलावा, उसके पास EV के लिए तैयार सर्विस वर्कशॉप का एक बड़ा नेटवर्क भी है, जिसमें 15 लाख प्रशिक्षित कर्मचारियों की टीम है।