मारुति सुजुकी ने रेल से कार डिलीवरी में बनाया रिकॉर्ड, जानिए कितनी भेजीं
क्या है खबर?
दिग्गज कार निर्माता मारुति सुजुकी ने सोमवार (9 फरवरी) को 2025 में रेल के माध्यम से रिकॉर्ड कार डिलीवरी की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य हरित माल ढुलाई को बढ़ावा देना है। कंपनी ने पिछले साल 5.85 लाख से अधिक कारों की डिलीवरी की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है। रेल परिवहन से माल ढुलाई में उसकी हिस्सेदारी 2016 की 5.1 फीसदी से बढ़कर 2025 में लगभग 26 फीसदी हो गई है।
फायदा
रेल परिवहन से हुआ यह फायदा
मारुति सुजुकी ने कहा है कि इस बदलाव से अनुमानित 87,904 मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड समतुल्य (CO2e) उत्सर्जन को कम करने में मदद मिली है और 687 लाख लीटर से अधिक ईंधन की बचत हुई। उसका दावा है कि वह 2013 में AFTO लाइसेंस प्राप्त करने वाली पहली ऑटोमोबाइल कंपनी है। वित्त वर्ष 2014-15 से उसने हब-एंड-स्पोक मॉडल का उपयोग करते हुए 22 गंतव्यों से 600 से अधिक शहरों तक रेल से 28 लाख से अधिक गाड़ियों की डिलीवरी की।
प्लांट्स
इन प्लांट्स से हुई सबसे ज्यादा डिलीवरी
कंपनी वर्तमान में 45 से अधिक फ्लेक्सी डेक रेक संचालित करती है, जिनमें से प्रत्येक ट्रिप लगभग 260 कारें ले जाने में सक्षम है। पिछले साल गुजरात और मानेसर में स्थित इसके प्लांट्स के रेलवे साइडिंग से भेजे गए वाहन इसके कुल रेल परिवहन का 53 फीसदी थे। मारुति का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030-31 तक रेल से डिलीवरी को 35 प्रतिशत तक बढ़ाना है। रेल परिवहन भी 2016 में 77,000 वाहन से बढ़कर 7.5 गुना से अधिक हो गया।