
मारुति सुजुकी नेक्सा डीलरशिप्स ने पिछले साल की 5 लाख से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी ने अपने प्रीमियम मॉडल बिक्री डीलरशिप नेक्सा के माध्यम से 2023 में 5 लाख से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री दर्ज की है।
कंपनी ने पूरे साल में यहां से 5.09 लाख गाड़ियां बेची हैं। मारुति सुजुकी फ्रोंक्स, जिम्नी और ग्रैंड विटारा जैसी SUVs के दम पर नेक्सा आउटलेट्स की बिक्री में हर महीने करीब 25,000 का इजाफा हुआ है।
इससे वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में मारुति की SUV बाजार में हिस्सेदारी 22 प्रतिशत हो गई।
अब तक बिक्री
2015 से अब तक बेची इतनी गाड़ियां
मारुति सुजुकी ने अपनी प्रीमियम गाड़ियों की बिक्री के लिए 2015 में नेक्सा डीलरशिप की शुरुआत की थी। पहले साल में इन आउटलेट्स से 40,829 गाड़ियां बेची गईं।
इसके बाद इन डीलरशिप्स से बिक्री में इजाफा होता गया और 2023 से पहले नेक्सा से सबसे ज्यादा 2018 में 3.46 लाख कार बिकीं थी।
संचालन शुरू होने से लेकर अब तक यहां से 24.33 लाख गाड़ियां बेची जा चुकी हैं। वर्तमान में देशभर के 293 शहरों में 478 नेक्सा शोरूम हैं।
बयान
नेक्सा ने SUV बाजार में बढ़ाई हिस्सेदारी
कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी शशांक श्रीवास्तव का कहना है, "मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, फ्रोंक्स, जिम्नी और इनविक्टो जैसी SUVs के साथ, नेक्सा ने मारुति की SUV बाजार में हिस्सेदारी दोगुनी करने में मदद की है।"
उन्होंने दावा किया कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में मारुति नंबर 1 SUV निर्माता बन गई।
उन्होंने बताया कि बिक्री बढ़ने का कारण नेक्सा नेटवर्क के विस्तार के साथ यहां उपलब्ध मॉडल पिछले कुछ सालों की तुलना में दोगुने हो गए हैं।