मारुति सुजुकी E-विटारा के सभी वेरिएंट की कीमत घोषित, 543 किलोमीटर की देती है रेंज
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी ने अपनी E-विटारा की बैटरी के साथ कीमत की घोषणा कर दी है। इससे पहले 17 फरवरी को बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) की शुरुआती कीमत का खुलासा किया गया था। मारुति सुजुकी E-विटारा 3 वेरिएंट में उपलब्ध है। बेस डेल्टा वेरिएंट में 49kWh की छोटी बैटरी मिलती है, जबकि अल्फा और जेटा वेरिएंट में 61kWh की बड़ी बैटरी मिलती है और 543 किलोमीटर की रेंज देती है। कंपनी मुफ्त इंस्टॉलेशन के साथ 7.4kW का AC चार्जर भी दे रही है।
फीचर्स
इन सुविधाओं के साथ आती है E-विटारा
मारुति E-विटारा को हेडलैंप क्लस्टर में विशिष्ट 3-पॉइंट LED DRL सिग्नेचर के साथ-साथ बंपर पर ग्लॉस-ब्लैक डिटेलिंग के साथ प्रीमियम लुक दिया है। साथ ही काले रंग के 18-इंच के एयरोडायनामिक अलॉय व्हील, तराशे हुए 3D बॉडीवर्क और मैचिंग मैट्रिक्स-स्टाइल टेल लैंप मिलते हैं। इसमें 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.1-इंच ऑल-डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। इसके साथ ही गाड़ी 10-तरफा पावर एडजस्टेबल सीट, स्लाइड और रिक्लाइन करने योग्य पीछे की सीटें, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधा है।
कीमत
इतनी है गाड़ी की कीमत
इलेक्ट्रिक कार की बैटरी को DC फास्ट चार्जर से 50 मिनट में 0-80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। बैटरी सहित डेल्टा वेरिएंट की कीमत 15.99 लाख, जेटा की 17.49 लाख, अल्फा की 19.79 लाख और अल्फा ड्यूल-टोन की 20.01 लाख रुपये है। BaaS प्रोग्राम के तहत इसकी कीमत 10.99 लाख से शुरू होकर 14.51 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। डेल्टा वेरिएंट के लिए बैटरी का 3.99 रुपये/किलोमीटर, जेटा और अल्फा के लिए 4.39 रुपये/किलोमीटर किराया देना होगा।