पिछले साल जमकर बिकीं मारुति की कारें, जानिए कंपनी के बिक्री आंकड़े
क्या है खबर?
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी ने सोमवार (1 जनवरी) को 2023 के बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं।
सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने गुजरे साल में 20 लाख से अधिक कारों की कुल बिक्री (घरेलू और निर्यात) की है, जो 12 महीने की अवधि में अब तक की सबसे अधिक बिक्री है।
इस आंकड़े में 2.69 लाख यूनिट का निर्यात भी शामिल है। इसकी तुलना में 2022 के दौरान कुल 15.76 लाख कारें बिकी थीं।
दिसंबर की बिक्री
पिछले महीने बिक्री में दर्ज हुई गिरावट
मारुति सुजुकी ने दिसंबर में 1.37 लाख यूनिट्स की कुल बिक्री (घरेलू और निर्यात) की है। यह दिसंबर, 2022 की 1.39 लाख यूनिट की तुलना में 1.28 प्रतिशत की गिरावट है।
कंपनी के अनुसार, दिसंबर, 2023 में कारों की बिक्री 6.46 प्रतिशत घटकर 1.04 लाख यूनिट रही, जो 2022 के इसी महीने 1.12 लाख यूनिट रही थी।
इस दौरान कंपनी की कुल घरेलू बिक्री और दूसरी कंपनियों को बेची गईं यूनिट्स की संख्या 1.1 लाख रही।
एंट्री-लेवल कार
एंट्री-लेवल कारों की बिक्री भी घटी
कार निर्माता को स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (SUV) वाहन सेगमेंट की बिक्री में अच्छी सफलता मिल रही है, लेकिन उसकी एंट्री-लेवल कारों की बिक्री में गिरावट आ रही है।
मारुति सुजुकी ऑल्टो और S-प्रेसो की संयुक्त बिक्री दिसंबर, 2022 की 9,765 यूनिट की तुलना में पिछले महीने घटकर 2,557 यूनिट रह गईं।
इसके साथ ही बलेनो, सेलेरियो, इग्निस, वैगनआर और स्विफ्ट जैसी कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री भी 2022 की 57,502 यूनिट से घटकर 45,741 रह गई हैं।