मारुति सुजुकी ने SUVs के दम पर 1.77 लाख यूनिट बेचीं, छोटी कारों की बिक्री घटी
क्या है खबर?
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी अक्टूबर में 1.77 लाख कारों की बिक्री के साथ शीर्ष पर कायम है।
सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल कंपनी ने इसी महीने के दौरान 1.4 लाख यूनिट बेची थीं। इस हिसाब से मारुति को बिक्री में सालाना आधार पर 21 फीसदी का फायदा हुआ है।
पिछले महीने यूटिलिटी व्हीकल (UV) सेगमेंट की जमकर बिक्री हुई। इस दौरान 59,147 SUVs बिकी, जो 2022 के इसी महीने की 30,971 यूनिट से अधिक हैं।
गिरावट
छोटी कारों की बिक्री में आई गिरावट
पिछले महीने मारुति की छोटी काराें से ग्राहकों ने दूरी बना ली। मारुति सुजुकी ऑल्टो और S-प्रेसो की उतनी बिक्री नहीं हो रही, जितनी पहले होती थी।
इन दोनों मॉडल्स को मिलाकर बिक्री 14,568 यूनिट रही, जो 2022 के इसी महीने में 24,936 यूनिट्स थी।
कॉम्पैक्ट सेगमेंट में पिछले महीने 80,662 कार बेची गईं, जो अक्टूबर, 2022 में बेची गई 73,685 यूनिट्स से अधिक है। मिडसाइज सेडान सियाज की बिक्री भी 1,884 यूनिट से घटकर 695 रह गई है।
आंकड़ा
7 महीने में बेचीं 10 लाख से ज्यादा कार
चालू वित्त वर्ष के पहले 7 महीनों में कार निर्माता ने 10.41 लाख कार बेची हैं, जो एक साल पहले इसी अवधि के दौरान बेची गई 9.34 लाख यूनिट से अधिक हैं।
कंपनी यह भी बताया है कि सेमीकंडक्टर की कमी की समस्या दूर होने के कारण सभी मॉडल्स के लिए वेटिंग पीरियड कम हो रहा है।
बता दें मारुति सुजुकी ने सितंबर में 1.81 लाख कारों की बिक्री की थी, जो मासिक आधार पर अक्टूबर से अधिक है।