मारुति नेक्सा डीलरशिप ने बिक्री में पार किया मील का पत्थर, इतनी गाड़ियां बिकीं
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी के प्रीमियम नेक्सा डीलरशिप ने 104 महीने में कार बिक्री में 25 लाख के मील का पत्थर पार कर लिया है।
मार्च 2023 में नेक्सा ने 20 लाख की बिक्री दर्ज की और इसमें 5 लाख जोड़ने में 12 महीने का समय लगा है।
कार निर्माता और SIAM के आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2024 तक 25.8 लाख नेक्सा कार बेची गई। अप्रैल और मई 2024 की बिक्री को मिलाकर यह आंकड़ा अनुमानित 26.7 लाख तक पहुंच गया है।
मारुति बलेनो
बलेनो सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल
मारुति बलेनो नेक्सा की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ी है। अक्टूबर 2015 में पेश हुई बलेनो की अब तक 14.5 लाख गाड़ियां बिक चुकी हैं।
वित्त वर्ष 2024 के अंत तक नेक्सा की बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 56 प्रतिशत है। इसे वित्तीय वर्ष 2019 में सबसे अधिक 2.12 लाख बिक्री मिली थी, जबकि गुजरे वित्त वर्ष 2024 में घटकर 1.95 लाख रह गई।
दूसरी तरफ इग्निस (2.76 लाख) और सियाज (1.84 लाख) बिक्री में दूसरे और तीसरे पायदान पर हैं।
शुरुआत
2015 में हुई थी नेक्सा डीलरशिप की शुरुआत
कार निर्माता ने प्रीमियम कारों की बिक्री के लिए 2015 में नेक्सा डीलरशिप की शुरुआत की थी, जिस पर बेचा जाने वाला पहला मॉडल मारुति सुजुकी S-क्रॉस (अब बंद) था।
इसके बाद अब तक इसमें 8 मॉडल जोड़ गए, जिनमें 2 हैचबैक (बलेनो और इग्निस), 1 सेडान (सियाज) और 3 SUV (ग्रैंड विटारा, फ्रोंक्स और जिम्नी) और 2 MPV (XL6 और इनविक्टो) शामिल हैं।
वर्तमान में देशभर के 293 से अधिक शहरों में 478 नेक्सा शोरूम मौजूद हैं।