टाटा नेक्सन EV की तुलना में कितनी दमदार है महिंद्रा XUV400 इलेक्ट्रिक कार?
क्या है खबर?
महिंद्रा ने इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट में कदम रखते हुऐ अपनी XUV400 को पेश कर दिया है। यह कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक SUV है। इसे अगले साल लॉन्च किया जाएगा।
भारतीय बाजार में इस गाड़ी का मुकाबला टाटा नेक्सन EV से होगा। दोनों ही C-सेगमेंट की SUVs हैं और बेहतरीन फीचर्स से लैस हैं।
अगर आप भी इनमें से किसी एक को खरीदने की योजना बना रहे हैं तो तुलना से समझिए की कौन सी गाड़ी आपके लिए बेस्ट है।
डिजाइन
कैसा है इन दोनों गाड़ियों का लुक?
XUV400 को महिंद्रा के इलेक्ट्रिक स्केलेबल और मॉड्यूलर आर्किटेक्चर (MESMA) प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। इस गाड़ी का डिजाइन काफी हद तक मौजूदा XUV300 से मिलता है। इसके फ्रंट एयर डैम को कवर कर X डिजाइन एलिमेंट्स और बीच में कंपनी का नया लोगो दिया गया है।
वहीं, टाटा नेक्सन EV को पेट्रोल मॉडल नेक्सन के डिजाइन के साथ उतारा गया है। इसमें ऑल-LED लाइटिंग सेटअप और 18-इंच के अलॉय-व्हील्स दिए गए हैं।
पावरट्रेन
ज्यादा पावरफुल है XUV400 का पावरट्रेन
XUV400 को 39.5kW बैटरी पैक विकल्प के साथ पेश किया गया है। यह सेटअप 150bhp की पावर और 310Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है।
मई में टाटा ने नेक्सन EV की रेंज को बढ़ाने के लिए 'EV मैक्स' को 40.5kWh का बैटरी पैक के साथ उतारा है, जो पिछले मॉडल से 33 फीसदी ज्यादा का है। यह सेटअप 129PS की पावर और 250Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है।
रेंज
कौन सी गाड़ी देगी बेहतर रेंज?
महिंद्रा का दावा है कि XUV400 SUV सिंगल चार्ज में 456 किलोमीटर की रेंज देने की क्षमता रखती है। DC फास्ट चार्जर से यह 50 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है।
दूसरी तरफ टाटा नेक्सन इलेक्ट्रिक कार भी फुल चार्ज में 437 किलोमीटर से भी अधिक की दूरी तय करने में सक्षम है। यह कार भी फास्ट चार्जिंग तकनीक की मदद से मात्र 60 मिनट में 100 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है।
फीचर्स
इन फीचर्स के साथ आती हैं दोनों गाड़ियां
फीचर्स की बात करें तो नेक्सन EV में सभी तरह के कनेक्टिविटी विकल्पों को सपोर्ट करने वाला एड्रेनॉक्स टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है।
वहीं, महिंद्रा XUV400 में 60 से भी अधिक कनेक्टिविटी विकल्पों को सपोर्ट करने वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है।
महिंद्रा XUV400 में 378-लीटर का बूटस्पेस दिया गया है। वहीं, टाटा नेक्सन EV केवल 350-लीटर बूटस्पेस के साथ आती है।
सुरक्षा के लिए दोनों गाड़ियों में एयरबैग और पार्किंग कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
जानकारी
क्या है इनकी कीमत?
इसी साल मई में लॉन्च हुई टाटा नेक्सन मैक्स EV की कीमत 17.74 लाख रुपये से लेकर 19.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक है। वहीं, महिंद्रा XUV400 की कीमत 13 लाख से 17 लाख रुपये के बीच हो सकती है।