Page Loader
महिंद्रा XUV 3XO EV का नवंबर में शुरू होगा उत्पादन, जानिए कब देगी दस्तक 
महिंद्रा XUV 3XO EV इस साल के अंत तक लॉन्च होगी (तस्वीर: महिंद्रा)

महिंद्रा XUV 3XO EV का नवंबर में शुरू होगा उत्पादन, जानिए कब देगी दस्तक 

Jul 06, 2024
09:59 am

क्या है खबर?

महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी लोकप्रिय XUV 3XO का इलेक्ट्रिक वर्जन लाने की तैयारी कर रही है। वाहन निर्माता ने पुष्टि की है कि इस इलेक्ट्रिक SUV का सीरीज प्रोडक्शन नवंबर में शुरू हाेगा और इस साल के अंत तक लॉन्च होगी। आगामी महिंद्रा XUV 3XO EV को कोडनाम S240 दिया गया है और इसे महिंद्रा XUV400 EV के नीचे रखा जाएगा। जानकारी के मुताबिक, इसकी हर महीने लगभग 1,500-1,800 गाड़ियों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।

डिजाइन 

मौजूदा ICE मॉडल से मिलता-जुलता होगा डिजाइन 

कार निर्माता ने इसी साल अप्रैल में महिंद्रा XUV300 के फेसलिफ्ट के तौर पर XUV 3XO को लॉन्च किया था। इसके बाद इसका इलेक्ट्रिक वर्जन लाने की संभावना थी, लेकिन लॉन्चिंग में देरी हो गई है। आगामी इलेक्ट्रिक SUV डायमेशन और इंटीरियर में मिलने वाली फीचर्स के मामले में काफी हद तक मौजूदा XUV 3XO के ICE मॉडल के समान होने की उम्मीद है। हालांकि, लुक और स्टाइल में इलेक्ट्रिक वाहन के अनुरूप कुछ बदलाव मिलने की संभावना है।

बैटरी 

XUV400 EV के जैसी होगी बैटरी 

XUV 3XO EV को पावर देने के लिए 34.5kWh बैटरी पैक दिया जाएगा, जो मौजूदा XUV400 EV के निचले वेरिएंट में आता है। फिलहाल इसकी रेंज और इलेक्ट्रिक मोटर की विशिष्टताओं के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। कीमत के मामले में यह महिंद्रा XUV400 से किफायती रहने की उम्मीद है। संभावना है कि इसे 15 लाख से 17 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच बेचा जाएगा। यह इलेक्ट्रिक कार भारतीय बाजार में टाटा नेक्सन EV को टक्कर देगी।