Page Loader
महिंद्रा 2026 में लॉन्च करेगी 5 गाड़ियां, जानिए कैसे होंगे ये मॉडल 
महिंद्रा अगले साल नई जनरेशन की बोलेरो को लॉन्च करेगी (तस्वीर: महिंद्रा एंड महिंद्रा)

महिंद्रा 2026 में लॉन्च करेगी 5 गाड़ियां, जानिए कैसे होंगे ये मॉडल 

May 11, 2025
05:57 pm

क्या है खबर?

महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने लाइनअप में विस्तार की तैयारी कर रही है। इसके तहत उसकी 2026 में 5 नए मॉडल लॉन्च करने की योजना है। इसके तहत महिंद्रा XUV700 फेसलिफ्ट और महिंद्रा थार 3-डोर फेसलिफ्ट के अलावा नई रिपोर्ट के अनुसार, 2 इलेक्ट्रिक कारों के साथ एक और ICE SUV दस्तक देगी। कार निर्माता ने हाल ही में 15 अगस्त को एक नया SUV प्लेटफॉर्म पेश करने की भी घोषणा की है, जिस पर कुछ नए मॉडल आएंगे।

प्लेटफॉर्म 

इस प्लेटफाॅर्म पर आएगी नई जनरेशन की बोलेरो 

महिंद्रा का आगामी न्यू फ्लेक्सिबल आर्किटेक्चर (NFA) नया मोनोलॉग प्लेटफॉर्म आगामी SUV की श्रृंखला का आधार बनेगा। यह पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक सहित कई पावरट्रेन को समायोजित करने में सक्षम होगा। यह एक बिल्कुल नई SUV का आधार बनेगा, जिसे 2026 में लॉन्च किया जाएगा। यह अगली जनरेशन की महिंद्रा बोलेरो होगी। इसके अलावा अगले साल एक नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च होगी और कथित तौर पर यह बोलेरो का इलेक्ट्रिक वर्जन हो सकती है।

उत्पादन 

कंपनी की उत्पादन बढ़ाने की भी योजना 

लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) सेगमेंट के लिए एक नया EV भी पाइपलाइन में है। महिंद्रा अपने चाकन प्लांट में सालाना 1.2 लाख NFA मॉडल की उत्पादन क्षमता का लक्ष्य बना रही है। इसके अलावा कंपनी वित्त वर्ष 2026 में महिंद्रा थार रॉक्स और XUV3XO की उत्पादन क्षमता को 3000 तक बढ़ाने की भी योजना है। उम्मीद है कि कंपनी इस साल के अंत में एक नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV भी लॉन्च करेगी और यह संभवतः XEV 7e होगी।