महिंद्रा स्कॉर्पियो-N की डिलीवरी शुरू, पहले बैच में 25,000 लोगों को मिलेगी कार
क्या है खबर?
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जुलाई में अपनी नई स्कॉर्पियो-N को भारतीय बाजार में उतारा था। अब कंपनी ने इसकी डिलीवरी भी शुरू कर दी है।
यह कंपनी की काफी पॉपुलर कार रही है। यही कारण है कि बुकिंग शुरू होने के मात्र 30 मिनट के भीतर की इसकी एक लाख यूनिट्स बुक हो गई थी।
भारत में यह गाड़ी छह ट्रिम्स में उपलब्ध है। कंपनी दिसंबर 2022 तक पहले बैच में इसकी 25,000 यूनिट्स की डिलीवरी करेगी।
डिजाइन
कैसा है स्कॉर्पियो का लुक?
डिजाइन की बात करें तो नई महिंद्रा स्कॉर्पियो-N को बॉक्सी लुक दिया गया है, जिसमें वर्टिकल स्लैट्स के साथ नए डिजाइन के ग्रिल, मस्कुलर बोनट, बम्पर-माउंटेड DRLs के साथ LED और बड़े एयर डैम दिए गए हैं।
कार के किनारों पर रूफ रेल्स, ORVMs और मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील्स उपलब्ध हैं। वहीं, लाइटिंग के लिए कार में ट्विन-LED हेडलैंप और फॉग लैंप्स भी उपलब्ध हैं।
यह D-सेगमेंट की SUV है और क्लासिक मॉडल से थोड़ी बड़ी भी है।
इंजन
दो इंजनों के विकल्प में आती है महिंद्रा स्कॉर्पियो-N
महिंद्रा ने इस कार में पेट्रोल और डीजल इंजन का विकल्प दिया है।
2022 महिंद्रा स्कॉर्पियो-N में BS6 मानकों को पूरा करने वाला 2.0-लीटर m-स्टैलियन पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 200hp की पावर और 320Nm टॉर्क जनरेट करता है।
दूसरा इसमें 2.2-लीटर m-हॉक डीजल इंजन का विकल्प भी मिला है, जो 130hp की पावर और 320Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
इसमें 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है और इसे ऑल-व्हील (4X4) ड्राइव सिस्टम द्वारा नियंत्रित किया जाएगा।
फीचर्स
इन फीचर्स से लैस है कार
फीचर्स की बात करें तो अंदर की तरफ महिंद्रा स्कॉर्पियो-N में डुअल-टोन डैशबोर्ड, प्रीमियम लेदर अपहोल्स्ट्री, वर्टिकल AC वेंट, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और एक मल्टीफंक्शनल स्टीयरिंग व्हील के साथ छह या सात सीटों वाला केबिन दिया गया है।
इसमें एक सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एक 3D सोनी साउंड सिस्टम और मनोरंजन के लिए 8.0-इंच का इंफोटेनमेंट पैनल उपलब्ध है, जो अमेजन एलेक्सा को भी सपोर्ट करेगा।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें कई एयरबैग और पार्किंग कैमरा जैसे फीचर्स मिलेंगे।
जानकारी
क्या है इस कार की कीमत?
भारतीय बाजार में नई महिंद्रा स्कॉर्पियो-N के बेस Z2 पेट्रोल MT वेरिएंट की कीमत 11.99 लाख रुपये से शुरू है और यह Z8L डीजल AT ट्रिम के लिए 19.49 लाख रुपये तक जाती है।
न्यूजबाइट्स प्लस
जल्द दस्तक देगी महिंद्रा XUV700 फेसलिफ्ट
महिंद्रा ने पिछले साल अगस्त में अपनी महिंद्रा XUV700 को भारतीय बाजार में उतारा था। इस गाड़ी को इतना पसंद किया जा रहा है कि वर्तमान में XUV700 पर 11 से 21 महीनों का वेटिंग पीरियड चल रहा है।
अब कंपनी इस गाड़ी को अपडेट करने की योजना बना रही है। हाल ही में XUV700 के फेसलिफ्ट मॉडल को पहली बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया था।