Page Loader
लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर 
लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा को भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया है (तस्वीर: एक्स/@ahk_diary)

लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर 

Mar 26, 2025
03:50 pm

क्या है खबर?

लग्जरी कार निर्माता लैंड रोवर ने डिफेंडर ऑक्टा SUV को भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इसके अलावा, ग्राहक डिफेंडर ऑक्टा एडिशन वन भी खरीद सकते हैं, जो केवल उत्पादन के पहले वर्ष के लिए उपलब्ध होगा। लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा कंपनी की डिफेंडर 110 पर आधारित है और इसमें बेहतर डायनामिक्स, ऑफ-रोड क्षमता और नया सस्पेंशन सिस्टम शामिल हैं। यह तेज गति से चलने वाली मर्सिडीज-AMG G63 को टक्कर देगी।

एक्सटीरियर 

ऐसा है गाड़ी का लुक 

डिजाइन की बात करें तो डिफेंडर ऑक्टा में बेहतर एप्रोच और डिपार्चर एंगल के लिए नए फ्रंट और रियर बंपर के साथ बेहतर एयरफ्लो के लिए संशोधित ग्रिल है। इसमें LED हेडलाइट्स और टेललाइट्स, उभरे हुए व्हील आर्च, विशिष्ट अलॉय व्हील और ऊंची सवारी के साथ नया अधिक खुला ग्रिल और सी-पिलर पर डायमंड ऑक्टा बैज दिया है। लेटेस्ट कार 4 पेंट स्कीम में मेटैलिक फिनिश- पेट्रा कॉपर और फरो ग्रीन के साथ कार्पेथियन ग्रे और चारेंटे ग्रे उपलब्ध होगी।

इंटीरियर 

केबिन में मिलती हैं ये अतिरिक्त सुविधाएं 

डिफेंडर ऑक्टा का इंटीरियर स्टैंडर्ड मॉडल जैसा ही है, लेकिन कुछ अतिरिक्त सुविधाएं शामिल हैं। इसमें बर्न्ट सिएना और एबोनी या लाइट क्लाउड और लूनर इंटीरियर थीम विकल्प हैं। ऑक्टा एडिशन वन में केवल खाकी और एबोनी इंटीरियर है। आगे की सीटों में अब बेहतर बोल्स्टर सपोर्ट और एकीकृत हेडरेस्ट हैं, इसमें लैंड रोवर की बॉडी और सोल सीट ऑडियो तकनीक भी है। यह सीट वाइब्रेशन को साउंड सिस्टम से बजने वाले म्यूजिक के साथ सिंक्रोनाइज करती है।

कीमत 

इतनी है डिफेंडर ऑक्टा की कीमत

इस गाड़ी में BMW से लिया गया 4.4-लीटर, ट्विन-टर्बो V8 इंजन लगा है, जिसमें माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक है। इंजन 635hp की पावर और 750Nm का टॉर्क देता है और लॉन्च कंट्रोल के साथ टॉर्क 800Nm तक बढ़ जाता है। यह 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जुड़ा है, जो 3.8 सेकेंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार देता है और अधिकतम गति 250 किमी/घंटा है। लैंड रोवर डिफेंडर ऑक्टा की कीमत 2.59 करोड़ और स्पेशल एडिशन वन की 2.79 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) है।