लैंड रोवर डिफेंडर का आएगा इलेक्ट्रिक वर्जन, इस देश में होगा उत्पादन
क्या है खबर?
ब्रिटिश लक्जरी कार निर्माता जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने पुष्टि कर दी है कि वह डिफेंडर का इलेक्ट्रिक वर्जन ला रही है और जल्द ही इसका निर्माण शुरू करेगी।
कंपनी ने इस इलेक्ट्रिक ऑफ-रोड SUV का उत्पादन अपने स्थानीय प्लांट की बजाय स्लोवाकिया में करने का फैसला किया है।
लैंड रोवर ने अपनी योजना के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। संभावना है कि स्लोवाकिया के नाइट्रा में डिफेंडर EV को तैयार किया जाएगा।
योजना
2030 तक कंपनी पेश करेगी 9 इलेक्ट्रिक SUV
इलेक्ट्रिक डिफेंडर कंपनी की 2030 तक 9 इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की योजना का हिस्सा है।
लैंड रोवर डिफेंडर को पहली बार 1948 में लॉन्च किया गया था, लेकिन इसे 1990 में नया नाम दिया गया।
इसने दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और पॉल मेकार्टनी जैसे पॉप सितारों के बीच भी लोकप्रियता हासिल की है।
कंपनी के अनुसार, डिफेंडर पिछले 2 सालों से JLR का सबसे अधिक बिकने वाला मॉडल रहा है।
ब्रिटेन सरकार
रेंज रोवर की भी इलेक्ट्रिक रेंज आएगी
समाचार एजेंसी ब्लूमबर्ग के एक प्रवक्ता के अनुसार, स्लोवाकिया ब्रिटेन के बाहर पहला देश होगा, जहां JLR अपना मॉडल बनाएगी।
हालांकि, ब्रिटेन के बाहर इलेक्ट्रिक डिफेंडर के उत्पादन को स्थानांतरित करना ब्रिटिश सरकार के लिए झटके के रूप में देखा जा रहा है।
रेंज रोवर की SUVs ब्रिटेन में बनाई जाती हैं। टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली कार निर्माता अपने ब्रिटिश प्लांट में रेंज रोवर SUV की इलेक्ट्रिक रेंज का निर्माण करने की भी योजना बना रही है।