 
                                                                                नई KTM ड्यूक 200 भारत में हुई लॉन्च, कीमत 1.96 लाख रुपये से शुरू
क्या है खबर?
प्रीमियम दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी KTM मोटरसाइकिल ने भारतीय बाजार में अपनी अपडेटेड KTM ड्यूक 200 बाइक लॉन्च कर दी है। इसके लुक को अपडेट किया गया है। नए फीचर्स के तौर पर इस बाइक में 390 ड्यूक के समान LED हेडलैंप यूनिट दिया गया है। साथ ही इसमें BS6 फेज-II मानकों वाला 199.5cc का इंजन भी जोड़ा गया है। इसके अलावा बाइक में अन्य सभी फीचर्स इसके मौजूदा मॉडल के समान ही होंगे। आइये इसके बारे में जानते हैं।
लुक
नई KTM ड्यूक 200 को मिला है स्पोर्टी लुक
लुक की बात करें तो नई KTM ड्यूक 200 को पहले से अधिक स्पोर्टी लुक मिला है। इसमें एक्सटेंशन के साथ मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्टेप-अप सीट, ऊपर की ओर निकला एग्जॉस्ट सिस्टम, मिक्स्ड मेटल के अलॉय व्हील्स और ऐरो शेप मिरर दिए गए हैं। डायमेंशन में यह ड्यूक 250 और ड्यूक 125 से भी छोटी है। इसके अलावा बाइक में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल, ऑल-LED सेटअप और ब्लैक-आउट अलॉय व्हील्स भी जोड़े गए हैं।
इंजन
KTM ड्यूक 200 में मिलेगा 199cc का इंजन
लेटेस्ट बाइक KTM ड्यूक 200 में BS6 फेज-II मानकों वाला 199.5cc का सिंगल-सिलेंडर वाला लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है, जो 10,000rpm पर अधिकतम 25PS की पावर और 8,000rpm पर 19.5Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। साथ ही इस इंजन को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है और इसमें एयरबॉक्स और एक नया कर्व रेडिएटर दिया जा सकता है। यह बाइक लगभग 135 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से चल सकती है।
फीचर्स
इन फीचर्स से लैस होगी ड्यूक 200
KTM की बाइक्स अपनी बेहतरीन फीचर्स के कारण भारतीय बाजार में काफी पसंद की जाती हैं। ऐसे में राइडर की सुरक्षा और सड़कों पर बेहतरीन संचालन के लिए नई जनरेशन की KTM ड्यूक 200 में सिंगल-चैनल ABS के साथ आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। सस्पेंशन की बात करें तो बाइक में आगे की तरफ इनवर्टेड फोर्क्स और पीछे के छोर पर एक मोनो-शॉक यूनिट भी दिया गया है।
जानकारी
इस कीमत पर लॉन्च हुई है बाइक?
भारतीय बाजार में नई ड्यूक 200 को 1.96 लाख रुपये में लॉन्च किया गया है। इसे कंपनी के शोरूम से आज से ही खरीदा जा सकता है। देश में इस दोपहिया वाहन का मुकाबला TVS अपाचे 200 4V से होगा।
न्यूजबाइट्स प्लस
साल के अंत में आएगी नई KTM ड्यूक 390
KTM मोटरसाइकिल भारतीय बाजार में अपनी अपडेटेड KTM ड्यूक 390 बाइक लॉन्च करने वाली है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे साल के अंत तक उतारा जा सकता है। वर्तमान में कंपनी इस मॉडल की टेस्टिंग कर रही है। कंपनी इस बाइक के लुक को अपडेट कर सकती है। हालांकि, इसमें मौजूदा मॉडल वाले इंजन का ही इस्तेमाल किया जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये से शुरू होगी।