Page Loader
किआ EV9 इलेक्ट्रिक कार की लॉन्च डेट आई सामने, अगले साल भारतीय बाजार में देगी दस्तक 
किआ EV9 इलेक्ट्रिक कार की लॉन्च डेट आई सामने (तस्वीर: किआ)

किआ EV9 इलेक्ट्रिक कार की लॉन्च डेट आई सामने, अगले साल भारतीय बाजार में देगी दस्तक 

लेखन अविनाश
Jul 05, 2023
12:14 pm

क्या है खबर?

इसी साल किआ मोटर्स ने अपनी EV9 SUV के प्रोडक्शन वेरिएंट से पर्दा उठाया था। अब इसकी लॉन्च डेट की जानकारी सामने आ गई है। इसे 2024 की शुरुआत में बिक्री के लिए उतारा जा सकता है। इसमें 78.1kWh और 99.8kWh की बैटरी पैक का विकल्प मिलेगा। यह एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस तकनीक (ADAS) लेवल-3 से लैस होगी। साथ ही सिंगल चार्ज में यह 581 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम होगी। आइये इसके फीचर्स के बारे में जानते हैं।

लुक

किआ EV9 को मिला है आकर्षक लुक 

डिजाइन की बात करें तो किआ EV9 को आकर्षक लुक मिला है। इसके विंडशील्ड के नीचे सोलर पैनल के साथ मस्कुलर यू-आकार का बोनट भी दिया गया है। इसमें ऑल-LED लाइटिंग सेटअप और डे टाइम रनिंग लाइट्स के साथ प्रोजेक्ट LED हेडलाइट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। SUV के बंपर के निचले हिस्से को ब्लैक शेड में फिनिश किया गया है, जबकि एयर डैम को कार्बन फाइबर फिनिश दिया गया है।

पावरट्रेन

सिंगल चार्ज में 581 किलोमीटर की दूरी तय करेगी किआ EV9 

किआ EV9 को इलेक्ट्रिक ग्लोबल मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा। इसमें 78.1kWh और 99.8kWh की बैटरी पैक का विकल्प मिलेगा। एक बार चार्ज करने पर यह 581 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम होगी। इसमें 350kW का चार्जर मिलेगा। इसकी मदद से यह मात्र 30 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज की जा सकती है। साथ ही आप इसे साधारण चार्जर से घर पर ही चार्ज कर सकेंगे। हालांकि, इसमें आपको 6-8 घंटे तक लग सकते हैं।

फीचर्स

इन फीचर्स से लैस होगी किआ EV9

फीचर्स की बात करें तो किआ EV9 इलेक्ट्रिक कार के केबिन में तीन पंक्तियों का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे स्पोर्टी लुक देता है। इसके अलावा नया डैशबोर्ड डिजाइन, टू-स्पोक, मल्टी-फंक्शन, चौकोर स्टीयरिंग व्हील के साथ एक फ्यूचरिस्टिक डिजाइन दिया गया है। टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और इंस्ट्रूमेंट कंसोल के लिए दो बड़ी फ्रीस्टैंडिंग स्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, ड्यूल-टोन ब्लैक एंड ब्लू थीम, AC वेंट्स के लिए टच कंट्रोल, ट्रांसमिशन के लिए रोटरी डायल, ड्राइव मोड और फ्रंट आर्म-रेस्ट भी है।

जानकारी

क्या होगी इसकी कीमत?

किआ EV9 की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत में EV9 को 60 से 70 लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जा सकता है।

न्यूजबाइट्स प्लस

किआ EV5 पर भी काम कर रही कंपनी 

किआ मोटर्स ने अपनी नई इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट कार किआ EV5 से पर्दा उठा दिया है। कंपनी इस गाड़ी को जल्द ही बाजार में उतारने की योजना बना रही है। सबसे पहले इसे चीन में लॉन्च किया जाएगा। इस गाड़ी को E-GMP प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। यह काफी हद तक ऑटो एक्सपो 2023 में शोकेस हुई किआ EV9 की तरह ही दिखती है। इसकी टॉप स्पीड 192 किलोमीटर प्रति घंटे होने की उम्मीद है।