Page Loader
किआ EV9 के प्रोडक्शन मॉडल से उठा पर्दा, अगले साल देश में देगी दस्तक
किआ EV9 के प्रोडक्शन मॉडल से उठा पर्दा (तस्वीर: किआ)

किआ EV9 के प्रोडक्शन मॉडल से उठा पर्दा, अगले साल देश में देगी दस्तक

लेखन अविनाश
Mar 15, 2023
11:41 am

क्या है खबर?

दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी किआ मोटर्स ने अपनी किआ EV9 SUV के प्रोडक्शन वेरिएंट को पेश कर दिया है। इसे 2024 की शुरुआत में बिक्री के लिए उतारा जा सकता है। कंपनी ने इसके कांसेप्ट वेरिएंट को सबसे पहले 2023 ऑटो एक्सपो में शोकेस किया था। इस गाड़ी को फ्यूचरिस्टिक लुक और सीटों की तीन पंक्तियों के साथ विशाल केबिन दिया गया है। सिंगल चार्ज में 483 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम है।

लुक

किआ EV9 को मिला है आकर्षक लुक 

डिजाइन की बात करें तो किआ EV9 को आकर्षक लुक मिला है। इसके विंडशील्ड के नीचे सोलर पैनल के साथ मस्कुलर यू-आकार का बोनट भी दिया गया है। इसमें ऑल-LED लाइटिंग सेटअप और डे टाइम रनिंग लाइट्स के साथ प्रोजेक्ट LED हेडलाइट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। SUV के बंपर के निचले हिस्से को ब्लैक शेड में फिनिश किया गया है, जबकि एयर डैम को कार्बन फाइबर फिनिश दिया गया है।

पावरट्रेन

सिंगल चार्ज में 483 किलोमीटर चलेगी गाड़ी 

रिपोर्ट्स की मानें तो किआ की अपकमिंग किआ EV9 को इलेक्ट्रिक ग्लोबल मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा। एक बार चार्ज करने पर यह 483 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगी। इसमें 350kW का चार्जर मिलेगा। इसकी मदद से यह मात्र 30 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज की जा सकती है। साथ ही आप इसे साधारण चार्जर से घर पर ही चार्ज कर सकेंगे। हालांकि, इसमें आपको 6-8 घंटे तक लग सकते हैं।

फीचर्स

किआ EV9 में मिलेंगे ये फीचर्स

फीचर्स की बात करें तो किआ EV9 इलेक्ट्रिक कार के केबिन में तीन पंक्तियों का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे स्पोर्टी लुक देता है। इसके अलावा नया डैशबोर्ड डिजाइन, टू-स्पोक, मल्टी-फंक्शन, चौकोर स्टीयरिंग व्हील के साथ एक फ्यूचरिस्टिक डिजाइन दिया गया है। टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और इंस्ट्रूमेंट कंसोल के लिए दो बड़ी फ्रीस्टैंडिंग स्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ, ड्यूल-टोन ब्लैक एंड ब्लू थीम, AC वेंट्स के लिए टच कंट्रोल, ट्रांसमिशन के लिए रोटरी डायल, ड्राइव मोड और फ्रंट आर्म-रेस्ट भी है।

जानकारी

क्या होगी किआ EV9 की कीमत? 

भारतीय बाजार में इस कार की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत में EV9 को 60 से 70 लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जा सकता है।

न्यूजबाइट्स प्लस

जल्द लॉन्च होगी किआ सेल्टोस फेसलिफ्ट 

वाहन निर्माता कंपनी किआ मोटर्स 2023 ऑटो एक्सपो में भारत में सेल्टोस फेसलिफ्ट SUV लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। अपडेटेड मॉडल में एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) शामिल किया गया है, जो अपनी गाड़ियों की सुरक्षा में सुधार के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को दिखाता है। कंपनी इसके फेसलिफ्ट मॉडल को हाईब्रिड इंजन के साथ पेश कर सकती है। इसके फेसलिफ्ट मॉडल की अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये हो सकती है।