किआ ने दर्ज की मार्च के लिए सबसे अधिक बिक्री, आंकड़ा 30,000 के करीब पहुंचा
क्या है खबर?
किआ मोटर्स ने बुधवार (1 अप्रैल) को कार बिक्री के आंकड़े जारी कर दिए हैं। उसने मार्च लिए अब तक का सर्वश्रेष्ठ बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया है। साथ ही किसी भी साल की पहली तिमाही में अब तक का सबसे मजबूत प्रदर्शन किया है। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण कोरियाई कार निर्माता ने पिछले महीने 29,112 की बिक्री दर्ज की है, जो मार्च, 2025 में बेची गई 25,525 गाड़ियों की तुलना में सालाना 14.05 फीसदी की वृद्धि दर्शाती है।
तिमाही बिक्री
पहली तिमाही में दमदार प्रदर्शन
कार निर्माता ने इस साल की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में 84,316 ग्राहकों तक अपनी गाड़ियां पहुंचाई हैं। यह उसकी अब तक की अपनी सबसे अधिक तिमाही बिक्री रही है। यह 2025 की पहली तिमाही में बेची गई 75,576 की तुलना में 11.56 फीसदी की वार्षिक बढ़त दर्शाता है। इस साल फरवरी की तुलना में बिक्री मासिक आधार पर 5.44 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है, जब कंपनी ने 27,610 कारें बेची थीं।
कारण
इस कारण हुई बिक्री में वृद्धि
यह निरंतर वृद्धि संतुलित उत्पाद श्रृंखला और बढ़ती ग्राहक स्वीकृति के दम पर भारतीय बाजार में किआ की मजबूत उपस्थिति को उजागर करती है। किआ की वृद्धि में सेल्टोस की मजबूत मांग का अहम योगदान है, जो ब्रांड के लिए बिक्री बढ़ाने वाला एक प्रमुख कारक रहा है। अपडेटेड किआ सेल्टोस लॉन्च के बाद से लगातार हर महीने 10,000 से अधिक की बिक्री दर्ज कर रही है। कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में सोनट और MPV सेगमेंट में कैरेंस लोकप्रिय हैं।