Page Loader
किआ EV6 फेसलिफ्ट के फीचर्स आए नजर, जानिए क्या कुछ है नया 
किआ EV6 फेसलिफ्ट भारत में जल्द लॉन्च हो सकती है (तस्वीर: एक्स/@cole_marzen)

किआ EV6 फेसलिफ्ट के फीचर्स आए नजर, जानिए क्या कुछ है नया 

Nov 24, 2024
01:32 pm

क्या है खबर?

दक्षिण कोरियाई कार निर्माता किआ मोटर्स ने अपनी EV6 के अपडेटेड मॉडल को लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल ऑटो शो में प्रदर्शित किया है। गाड़ी को इस साल की शुरुआत में दक्षिण कोरिया में पेश किया था। 2025 किआ EV6 में मौजूदा मॉडल की तुलना में डिजाइन, तकनीक और प्रदर्शन में कई अपग्रेड किए हैं। इस इलेक्ट्रिक कार को जल्द ही भारत में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है क्योंकि, कंपनी ने यहां इसका डिजाइन पेटेंट दाखिल किया था।

फीचर 

इन बदलावों के साथ आएगी नई EV6

EV6 फेसलिफ्ट में बदलाव देखें तो इसमें शार्प हेडलाइट्स और LED DRLs दिए हैं, जो EV3 और EV4 कॉन्सेप्ट के समान दिखते हैं। साथ ही नए बंपर और निचली ग्रिल के साथ 19-इंच और 20-इंच ब्लैक-सिल्वर ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, पीछे पूरी चौड़ाई में फैली LED लाइट बार मिलता है। केबिन में घुमावदार पैनोरमिक डिस्प्ले है, जिसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ जोड़ा है। इसके अलावा नया 2-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया है, जिसमें फिंगरप्रिंट पहचान की सुविधा है।

बैटरी 

पहले से बड़ी है बैटरी 

EV6 फेसलिफ्ट में OTA अपडेट भी जोड़ा है, जिससे इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम शामिल हुआ है। साथ ही डिजिटल रियर-व्यू मिरर, उन्नत हेड-अप डिस्प्ले और नया नेविगेशन सिस्टम भी मिलता है। इसमें पहले की 77.4kWh की जगह 84kWh बैटरी दी है, जिससे रेंज 475 से बढ़कर 494 किलोमीटर हो गई है। इलेक्ट्रिक कार को DC फास्ट चार्जर से 18 मिनट में 10-80 प्रतिशत चार्ज किया जा सकता है। इसकी कीमत 60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक रहने की उम्मीद है।