JSW मोटर्स जून में लॉन्च करेगी अपनी पहली कार, जानिए कैसा होगा पहला मॉडल
क्या है खबर?
अरबपति सज्जन जिंदल के नेतृत्व वाली JSW मोटर्स जून में प्लग-इन इलेक्ट्रिक हाइब्रिड (PHEV) SUV लॉन्च के साथ भारतीय यात्री वाहन बाजार में दस्तक देगी। सूत्रों के मुताबिक, इस गाड़ी की कीमत लगभग 45 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास होने की संभावना है। इससे स्वदेशी ब्रांड प्रीमियम सेगमेंट में आ जाएगा और BMW और मर्सिडीज-बेंज जैसे वैश्विक ब्रांड्स के साथ सीधी प्रतिस्पर्धा में उतरेगा। अब तक केवल लग्जरी कार निर्माताओं ने ही भारत में PHEV की पेशकश की है।
उत्पादन
इस प्लांट में होगा पहली कार का उत्पादन
मनीकंट्रोल से बातचीत में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रंजन नायक ने कहा, "JSW मोटर्स 2026 के अंत में एक हाइब्रिड मॉडल के साथ यात्री वाहन सेगमेंट में प्रवेश करेगी।" कंपनी ने पुष्टि की है कि SUV का उत्पादन महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में बन रहे आगामी कारखाने में शुरू होगा। JSW कुछ अंतरराष्ट्रीय ऑटोमोटिव कंपनियों के साथ साझेदारी के लिए बातचीत कर रही है। आने वाले दिनों में सौदे पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।
संयुक्त उद्यम
संयुक्त उद्यम के माध्यम से की थी शुरुआत
JSW समूह इस्पात, ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, बंदरगाह और पेंट जैसे क्षेत्रों में हिस्सेदारी है। इसने 2023 में चीनी मूल की कंपनी SAIC मोटर से MG मोटर्स इंडिया में हिस्सेदारी खरीदकर ऑटोमोबाइल क्षेत्र में प्रवेश किया। JSW और एवरस्टोन कैपिटल के पास इसमें 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सज्जन जिंदल की कंपनी SAIC के शेयरों का अधिग्रहण करके हिस्सेदारी और बढ़ाना चाहती है। JSW MG मोटर इलेक्ट्रिक और ICE गाड़ियां बनाती है और टाटा मोटर्स के बाद दूसरी सबसे बड़ी EV निर्माता है।