BYD पर लगा डिफेंडर के डिजाइन और तकनीक चुराने का आरोप, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने चीनी कंपनी BYD के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि इस चीनी कार निर्माता कंपनी ने अपनी Ti7 SUV में इस्तेमाल करने के लिए एक 'डिफेंडर' कार को खोलकर उसकी तकनीक को 'रिवर्स-इंजीनियर' किया। इस मुकदमे से पहले इस साल की शुरुआत में नीदरलैंड के शिएडैम और हूफडॉर्प में स्थित BYD के दफ्तरों में कोर्ट की ओर से नियुक्त अधिकारियों ने छापेमारी की थी।
तलाशी
तलाशी में मिला रिकॉर्ड
द संडे टाइम्स के अनुसार, BYD के दफ्तरों में तलाशी के दौरान कुछ डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए थे।
बताया जा रहा है कि JLR इन रिकॉर्ड्स को सुरक्षित रखना चाहती थी, ताकि इन्हें नष्ट होने से बचाया जा सके।
ये रिकॉर्ड यह पता लगाने में मदद कर सकते हैं कि Ti7 को कैसे विकसित किया गया, क्या BYD ने 'डिफेंडर' की जांच की थी और क्या उसने सुरक्षित तकनीकी जानकारी तक पहुंच बनाई थी?
प्रत्यारोप
BYD ने दिया यह जवाब
द संडे टाइम्स ने स्थानीय रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए बताया कि छापेमारी से पहले BYD ने कहा था कि उसने जानकारी के लिए JLR के अनुरोधों में सहयोग करने के लिए हर संभव प्रयास किया है।
कंपनी के वकीलों ने JLR के इस कदम को 'जानकारी जुटाने की एक कोशिश' करार दिया और तर्क दिया कि बहुत अधिक फाइल्स जब्त कर ली गई हैं।
इस मामले की सुनवाई हेग की कोर्ट में होगी।
आरोप
समीक्षों ने बताया डिफेंडर की नकल
BYD Ti7 एक 5,146mm लंबी SUV है, जिसमें 7 लोग बैठ सकते हैं। यह सितंबर, 2025 से चीन में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसके बॉक्सी आकार और सीधे खड़े रुख की तुलना लैंड रोवर डिफेंडर से की जाती रही है।
हालांकि, यह मामला केवल डिजाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रिवर्स इंजीनियरिंग और बौद्धिक संपदा अधिकारों (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) के उल्लंघन को लेकर भी सवाल उठते हैं।
कुछ समीक्षकों ने Ti7 को 'चीनी डिफेंडर क्लोन' करार दिया है।