जगुआर ने अपनी इलेक्ट्रिक कार टाइप 01 से उठाया पर्दा, बहुत खास है इसका लुक
क्या है खबर?
जगुआर ने अपनी इलेक्ट्रिक कार टाइप 01 से पर्दा उठा दिया है, जो इस ब्रिटिश ब्रांड के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है। न्यूयॉर्क में पहली बार पेश की गई यह इलेक्ट्रिक ग्रैंड टूरर कार टाइप 00 कॉन्सेप्ट का ही प्रोडक्शन वर्जन है। खास तौर पर जगुआर इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर (JEA) पर बनी टाइप 01 कार, ब्रांड के लिए एक बिल्कुल अलग डिजाइन और पोजिशनिंग लेकर आई है। इसे अगले साल भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा सकता है।
आकार
मौजूदा मॉडल्स से अलग है लुक
टाइप 01 में कॉन्सेप्ट का लुक काफी हद तक बरकरार रखा गया है। हालांकि, प्रोडक्शन वर्जन में 4 दरवाजे दिए हैं।
इसका लंबा बोनट, नीची रूफलाइन, सीधा नोज और चौड़े रियर शोल्डर्स इसे जगुआर की पिछली सेडान और स्पोर्ट्स कारों से बिल्कुल अलग लुक देते हैं।
5.2-मीटर से ज्यादा लंबाई और लगभग 3.2-मीटर के व्हीलबेस के साथ इसका साइज काफी बड़ा है। इसके बड़े 23-इंच के पहिए इसके लुक को और भी शानदार बनाते हैं।
विंडस्क्रीन
विंडस्क्रीन की जगह मिलता है कैमरा
इसके आगे के हिस्से में पतली लाइट यूनिट्स और जगुआर का नया ग्रिल जैसा 'स्ट्राइकथ्रू' डिजाइन दिया गया है।
यही डिजाइन पीछे भी दिखता है, जहां बंद होने पर टेल-लैंप्स हॉरिजॉन्टल डिटेलिंग के अंदर छिपे रहते हैं। इसमें पिछली विंडस्क्रीन नहीं होना भी इसे खास बनाता है। इसकी जगह, पीछे लगा कैमरा केबिन के अंदर डिजिटल डिस्प्ले दिखाता है।
एक्टिव कूलिंग वेंस और 3-स्टेज वाला डिप्लॉयबल रियर स्पॉइलर इसको 0.23 का ड्रैग गुणांक हासिल करने में मदद करते हैं।
इंटीरियर
केबिन के अंदर मिलती हैं ये सुविधाएं
केबिन में 4 सीटें, डैशबोर्ड में 24-इंच का OLED डिस्प्ले, क्लाइमेट कंट्रोल और मीडिया जैसे फंक्शंस के लिए 7-इंच का वर्टिकल टचस्क्रीन दिया है।
बूट क्षमता 450-लीटर है और सामान रखने की जगह बढ़ाने के लिए पिछली सीटों को फोल्ड किया जा सकता है। कैमरा-बेस्ड क्लियरसाइट रियर-व्यू डिस्प्ले पारंपरिक मिरर की जगह के बजाय विंडस्क्रीन के निचले हिस्से में लगा है।
इसमें फिक्स्ड पैनोरमिक ग्लास रूफ, पैनोरमिक साउंडबार और चारों यात्रियों के लिए हीटेड और वेंटिलेटेड सीटें शामिल हैं।
इलेक्ट्रिक मोटर
3 इलेक्ट्रिक मोटर से लैस है गाड़ी
टाइप 01 में 3 इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें से एक आगे और 2 पीछे लगी है और यह 720 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है।
इनकी कुल पावर 1,016bhp और टॉर्क 1,365Nm है, जो इसे जगुआर की सबसे शक्तिशाली सड़क पर दौड़ने वाली प्रोडक्शन कार बनाता है।
जगुआर का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार केवल 3.2 सेकेंड में पकड़ लेती है।