Page Loader
आइकॉनिक बाइक: रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350 ने शुरू किया था देश में क्रूजर बाइक का चलन 
रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350 को 2002 में पेश किया गया था

आइकॉनिक बाइक: रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350 ने शुरू किया था देश में क्रूजर बाइक का चलन 

Sep 08, 2023
11:32 am

क्या है खबर?

दोपहिया वाहन निर्माता रॉयल एनफील्ड की आइकॉनिक बाइक थंडरबर्ड 350 देश की पहली क्रूजर बाइक थी। यह बाइक लंबी दूरी के आरामदायक सफर के लिए डिजाइन की गई थी। कंपनी ने 2002 में रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350 को लॉन्च किया था। इसने पेश होते ही भारतीयों के दिलों में जगह बना ली। यही कारण था कि कंपनी हर महीने औसतन इसकी 1,000 यूनिट बेचती थी। 2002 में इस बाइक को सर्वश्रेष्ठ क्रूजर के लिए सम्मानित किया गया था।

खासियत

आरामदायक थी इस बाइक की सवारी 

रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350 आराम और बनावट के मामले में एक बेहतर बाइक थी, जिसकी सिंगल सीट को राइडर की सहूलियत के हिसाब से डिजाइन किया गया था। इसमें एक बड़ा फ्यूल टैंक मिलता था, जो अन्य बाइक्स से अलग दिखता था। इसमें कंपनी की अन्य बाइक्स से अलग हेडलाइट और पीछे बैठने वाले सवार के लिए बैकरेस्ट भी दिया गया था। बाद में बाइक को LED लाइटिंग, डिस्क ब्रेक और ABS जैसे फीचर्स के साथ अपग्रेड भी किया गया।

पावरट्रेन 

ऐसा था थंडरबर्ड का पहला इंजन 

रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड 350 को AVL लीन बर्न इंजन और 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ उतारा गया था। 2009 में बाइक को नए 346cc, सिंगल सिलेंडर, 4 स्ट्रोक, ट्विनस्पार्क, एयर-कूल्ड, यूनिट कंस्ट्रक्शन इंजन (UCE) के साथ अपग्रेड किया गया। यह पावरट्रेन 5,250rpm पर 19.8bhp की पावर और 4,000rpm पर 28Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस दोपहिया वाहन का प्रोडक्शन 2020 में बंद कर दिया गया, जिसकी कीमत 1.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के करीब रही थी।